Darbhanga: एयरपोर्ट पर हंगामा, फ्लाइट छूटने पर यात्रियों का फूटा गुस्सा

Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

दरभंगा एयरपोर्ट

दरभंगा एयरपोर्ट पर उस समय भारी हंगामा मच गया जब मुंबई जाने वाली अकासा एयर की फ्लाइट में दर्जनों यात्रियों को एंट्री नहीं मिली. यात्रियों का आरोप है कि गेट तय समय से पहले बंद कर दिया गया, जिससे उनकी फ्लाइट छूट गई. इलाज, नौकरी और जरूरी काम से यात्रा कर रहे लोग एयरपोर्ट पर घंटों परेशान रहे और जमकर नारेबाजी की.

विज्ञापन

Darbhanga: दरभंगा एयरपोर्ट पर बुधवार को मुंबई जाने वाली Akasa Air की फ्लाइट को लेकर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा. मेन गेट समय से पहले बंद किए जाने के आरोप में यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में जमकर हंगामा किया और एयरलाइन तथा एयरपोर्ट प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की.

यात्रियों का आरोप है कि फ्लाइट के निर्धारित समय से करीब एक घंटा पांच मिनट पहले ही मेन गेट पर एंट्री बंद कर दी गई, जिससे कई लोग यात्रा करने से वंचित रह गए.

गेट पर रोक दिए गए यात्री

मौके पर मौजूद यात्रियों के अनुसार, वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन गेट पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया. यात्रियों का कहना था कि उन्हें लगातार यह बताया जाता रहा कि पहले इंडिगो के यात्रियों को प्रवेश दिया जाएगा.

इसी बीच अचानक घोषणा कर दी गई कि अकासा एयर की फ्लाइट के लिए गेट बंद हो चुका है और अब किसी भी यात्री को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट रोजाना दोपहर 1:40 बजे दरभंगा से मुंबई के लिए रवाना होती है.

15 से 20 यात्रियों की छूटी फ्लाइट

इस अव्यवस्था के कारण करीब 15 से 20 यात्रियों की फ्लाइट छूट गई. कई लोग गेट पर काफी देर तक कर्मचारियों से गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया.

एक यात्री ने बताया कि उसे मुंबई में जरूरी मीटिंग में शामिल होना था, जबकि दूसरे यात्री ने कहा कि अगले दिन ऑफिस जॉइन नहीं करने पर उसकी नौकरी पर संकट आ सकता है. कुछ यात्री इलाज के लिए दूसरे शहर जा रहे थे, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई.

अतिरिक्त पैसे मांगने का आरोप

यात्रियों ने आरोप लगाया कि बाद में एयरलाइन स्टाफ ने कहा कि यदि उन्हें यात्रा करनी है तो अगले दिन की टिकट लेनी होगी, जिसके लिए अतिरिक्त राशि देनी पड़ेगी. इस बात को लेकर यात्रियों का गुस्सा और बढ़ गया.

प्रबंधन ने यात्रियों को बताया लेट

मामले पर एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि कई यात्री तय समय से काफी देर से पहुंचे थे. प्रबंधन के अनुसार, फ्लाइट से करीब 50 मिनट पहले पहुंचने के कारण सुरक्षा जांच और बैग के एक्सरे की प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं हो पाया.

प्रबंधन ने यह भी कहा कि अधिकांश यात्री चेक-इन बैग के साथ पहुंचे थे. केवल हैंड बैग वाले यात्रियों को अनुमति दी जा सकती थी, लेकिन सुरक्षा प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.

दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन