सड़क हादसे में मौत के बाद बजरंग चौक पर 4 घंटे का बवाल,150 लोगों पर FIR दर्ज

सड़क हादसे में मौत के बाद बजरंग चौक पर 4 घंटे का बवाल,150 लोगों पर FIR दर्ज (AI PHOTO)
दरभंगा में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य पथ को 4 घंटे तक जाम कर दिया. इस मामले में पुलिस ने 150 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.
Darbhanga road accident protest:दरभंगा जिला के सुपौल-कोठीपुल-गंडौल-सहरसा मुख्य पथ पर सड़क हादसे में बाइक सवार महेश प्रसाद सिंह (निवासी भुसकोल) की मौत के बाद बवाल करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. परिजनों और ग्रामीणों द्वारा किए गए सड़क जाम के मामले में पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है. बिरौल थाना में पदस्थापित पीएसआइ (PSI) शैलेश कुमार के आवेदन पर कांड संख्या 480/26 दर्ज किया गया है.
अज्ञात वाहन के धक्के से हुई थी मौत, बॉर्डर पर शव रखकर किया प्रदर्शन
शैलेश कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 13 जुलाई को दोपहर करीब 12.35 बजे सूचना मिली थी कि एसएच-17 (SH-17) बिरौल-बड़गांव थाना बॉर्डर के पास एक मोटरसाइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है. घायल को पुलिस की ईआरएसएस 112 (ERSS 112) टीम ने तुरंत बड़गांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मृतक के परिजन शव को लेकर बड़गांव और बिरौल थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर स्थित बजरंग चौक पहुंच गए. वहां उन्होंने शव को गाड़ी में रखकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया.
4 घंटे तक बाधित रहा आवागमन, पुलिस से गाली-गलौज और नारेबाजी
सड़क जाम की खबर मिलते ही भुसकौल और आसपास के गांवों के करीब 100-150 लोग मौके पर जुट गए और यातायात को पूरी तरह ठप कर दिया. सड़क जाम करने वालों में मुख्य रूप से राजा सिंह, गौतम सिंह, परमजीत सिंह, मनोज सिंह, अनिल सिंह और प्रशांत कुमार सिंह शामिल थे.मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरौल, बड़गांव और जमालपुर थाना की पुलिस बल के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी करीब 3-4 घंटे तक सड़क जाम कर सरकारी कार्य में बाधा डालते रहे. इस दौरान भीड़ द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी की गई और अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया.
वीडियो फुटेज से हो रही उपद्रवियों की पहचान
बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस के आवेदन पर छह नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस घटना के समय बनाए गए वीडियो फुटेज और सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है. फुटेज के आधार पर कानून हाथ में लेने वाले अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By शंकर कुमार सहनी
शंकर कुमार सहनी 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. लोकल टेलीविजन चैनल से लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों तक में कार्य कर चुके शंकर राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










