25 केंद्रों पर इंटर की परीक्षा आज से

Published at :14 Feb 2017 6:10 AM (IST)
विज्ञापन
25 केंद्रों पर इंटर की परीक्षा आज से

तैयारी पूरी. 38,200 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त प्रवेश से पहले छात्रों की होगी गहन जांच दरभंगा : गलवार से शुरू हो रही इंटर की परीक्षा के कदाचारमुक्त तथा शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. जिले के 25 केंद्रों पर 38 हजार 200 छात्र परीक्षा में […]

विज्ञापन

तैयारी पूरी. 38,200 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
प्रवेश से पहले छात्रों की होगी गहन जांच
दरभंगा : गलवार से शुरू हो रही इंटर की परीक्षा के कदाचारमुक्त तथा शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. जिले के 25 केंद्रों पर 38 हजार 200 छात्र परीक्षा में भाग लेंगे. कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजन के लिए छह उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है.
इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर स्थायी मजिस्ट्रेट नियुक्त किये गये हैं. परीक्षा को ले सोमवार को जिला प्रशासन तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी दिनभर व्यस्त रहे. जिन केंद्रों पर बेंच-डेस्क की कमी थी, वहां आसपास के विद्यालयों से इसकी पूर्ति की गयी. परीक्षा कक्ष समेत परिसर की साफ-सफाई में कर्मी जुटे रहे. प्रशासन ने तैयारी पूरी कर लिये जाने का दावा किया है.
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.45 से दोपहर एक बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 1.45 से शाम पांच बजे तक होगी. जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह मुख्य परीक्षा नियंत्रक होंगे. वहीं जिले के सम्पूर्ण वरीय प्रभारी डीडीसी विवेकानंद झा होंगे. परीक्षा केंद्रों तथा उसके आस-पास 500 गज की परिधि में धारा 144 लागू रहेगा.
उछ़नदस्ता टीम लगातार रहेगी सक्रिय: कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन को ले गठित छह उड़नदस्ता टीम लगातार सक्रिय रहेगी. उड़नदस्ता दल में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी संबंधित केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे. साथ ही केंद्र पर कदाचार के आरोप में पकड़े गये छात्र अथवा इसमें शामिल लोगों को कार्रवाई के लिए केंद्राधीक्षक एवं स्टैटिक दंडाधिकारी को सौंपेंगे. उड़नदस्ता दल के साथ एक-एक सेक्शन सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
वीक्षकों को गले में लटका कर रखना होगा परिचय पत्र : परीक्षा के दौरान वीक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मी को अपना परिचय पत्र गले में लटका कर रखना होगा. बिना परिचय पत्र के पाये जाने पर उनके विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. इस दौरान वीक्षक समेत अन्य कर्मी अपने पास मोबाइल नहीं रखेंगे. साथ ही निर्धारित स्थान से अलग हटकर भ्रमण नहीं करेंगे.
मीडिया कर्मियों का प्रवेश रहेगा वर्जित: परीक्षा के दौरान केंद्र परिसर में मीडिया कर्मी को प्रवेश वर्जित कर दिया गया है. वैसे केंद्र के बाहर उनके मौजूद रहने पर जिला प्रशासन को कोई आपत्ति नहीं होगी.
तलाशी का प्रमाणपत्र देंगे वीक्षक : परीक्षा कक्ष में ड‍्यूटी कर रहे वीक्षकों को प्रत्येक पाली में परीक्षा शुरू होने से पूर्व घोषणा पत्र देना होगा. वीक्षक अंकित करेंगे कि 25 परीक्षार्थियों की उन्होंने तलाशी ली है. छात्रों के पास कोई आपतिजनक सामग्री नहीं है.
केंद्रों पर तैनात रहेंगे स्टैटिक मजिस्ट्रेट
समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए निकलें
परीक्षा केंद्र के लिए छात्र समय से पहले निकलें. नगर में जाम की समस्या पहले से भयावह है. उपर से परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों की संख्या बढ़ गयी है. मंगलवार को सड़क पर यातायात का काफी दबाव रहेगा. प्रशासन की लाख सतर्कता के बावजूद जगह-जगह जाम लगना तय है. इस स्थिति में समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचना छात्रों के लिए चुनौती होगी. इससे बचने के लिए उन्हें निर्धारित समय से काफी पहले निकलना होगा.
प्रवेश पत्र गुम होने पर
भी दे सकेंगे परीक्षा
प्रवेश पत्र गुम हो जाने या भूल से घर पर छूट जाने की स्थिति में भी छात्र इंटर की परीक्षा दे सकेंगे. इसके लिए केंद्राधीक्षक उपस्थिति पत्रक में स्कैन फोटो से छात्र की पहचान कर रौल सीट से उसका सत्यापन करेंगे. सबकुछ ठीक रहा तो छात्र को परीक्षा में बैठने की औपबंधिक अनुमति दी जायेगी.
वीक्षक से लिया जायेगा प्रमाणपत्र
परीक्षा संचालन से पूर्व सभी वीक्षकों से प्रमाण पत्र लिया जायेगा. प्रमाण पत्र में वीक्षकों को घोषित करना होगा कि उनका पाल्य अथवा कोई निकट संबंधी परीक्षा में शामिल नहीं है.
कदाचार में पकड़ाये, तो भुगतना होगा दंड
परीक्षा के दौरान कदाचार करते पकड़े जाने पर दंड भुगतना होगा. परीक्षा से निष्कासन के बाद छात्रों को पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा. वहां निर्धारित दो हजार रूपये का अर्थदंड जमा करने के बाद छात्र मुक्त हो सकेंगे. पैसा जमा नहीं करने पर छात्रों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा. वहीं 18 वर्ष से कम उम्र रहने पर छात्रों को बाल सुधार गृह में रखा जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन