दो बच्चों के पिता से करा दी नाबालिग की शादी

Published at :06 Mar 2018 3:53 AM (IST)
विज्ञापन
दो बच्चों के पिता से करा दी नाबालिग की शादी

कुशेश्वरस्थान : थाना क्षेत्र के हरिनगर में बाल विवाह का मामला सोमवार को प्रकाश में आया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपित युवक हरिनगर निवासी दिनेश झा के 36 वर्षीय पुत्र शंकर झा को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही शादी रचाने में सहयोग करने वाली लड़की की मां अर्जुन मिश्र की पत्नी रेखा देवी […]

विज्ञापन

कुशेश्वरस्थान : थाना क्षेत्र के हरिनगर में बाल विवाह का मामला सोमवार को प्रकाश में आया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपित युवक हरिनगर निवासी दिनेश झा के 36 वर्षीय पुत्र शंकर झा को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही शादी रचाने में सहयोग करने वाली लड़की की मां अर्जुन मिश्र की पत्नी रेखा देवी तथा दादी राम लड्डू देवी को भी दबोच लिया. तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

इसका खुलासा खुद पीड़िता ने सोमवार की सुबह किया. इसके बाद ग्रामीणों को इसकी खबर हुई और सभी जुट गये. पुलिस को खबर दी. थानाध्यक्ष राशिद परवेज ने तत्काल पुलिस अधिकारी अनि पवन कुमार झा व शिव कुमार पासवान को भेज कर आरोपितों को गिरफ्त में ले लिया. इससे लड़की व लड़का पक्ष के प्रति गांव में काफी आक्रोश है. यहां बता दें कि दोनों पक्ष हरिनगर के ही हैं.

जानकारी के अनुसार शंकर की शादी हो चुकी है. उसे दो बेटी भी है. एक छह साल की और दूसरी आठ साल की. हाल ही में शंकर की पत्नी का निधन हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार उसकी पत्नी के निधन का एक माह भी नहीं गुजरा है. इसी बीच रविवार की रात गुपचुप तरीके से कुशेश्वरस्थान बाबा मंदिर में दोनों की शादी कर दी गयी.
पूजा के बहाने ले गयी मंदिर: पीड़िता ने बताया कि उसकी मां तथा दादी ने रविवार की शाम उसे पूजा करने के लिये बाबा मंदिर चलने को कहा. वह तैयार हो गयी. रात करीब 8.30 बजे वह उन दोनों के साथ मंदिर पहुंची. वहां उससे साड़ी पहनने के लिये जब कहा गया तो उसे शक हुआ, लेकर उस समय तक उसे कुछ भी नहीं बताया गया. इसके बाद शंकर झा वहां पहुंचा. रात करीब 11.30 बजे उसकी शादी कर दी गयी. रात अधिक होने तथा मंदिर खाली रहने के कारण वह उस समय कुछ नहीं कर सकी.
गलत उम्र बता न्यास से कटाया पर्चा: बताया जाता है कि दोनों पक्ष जब वहां पहुंच गये तो शंकर ने न्यास से शादी के लिये 202 रुपये का पर्चा कटाया. वहां मौजूद कर्मी ने आधार कार्ड की मांग की. शंकर ने अपना आधार कार्ड दिया. जब लड़की का आधार मांगा गया तो उपलब्ध नहीं रहने की बात कही गयी. इस पर कर्मी ने रसीद लड़की का आधार कार्ड उपलब्ध कराने के बाद ही देने की बात कह रख लिया. उस समय कर्मी को लड़की की उम्र 19 साल बतायी गयी.
लड़की ने खुद दी सूचना : इधर वैवाहिक रस्म पूरी करने के बाद रात में ही शंकर लड़की के साथ उसके घर आ गया. सुबह हुई तो लड़की ने उसी गांव में अपने रिश्ते के फूफा त्रिवेणी झा को इसकी सूचना दी. इसके बाद मुखिया विद्यानंद झा तथा सरपंच फूलकांत झा को खबर दी. इधर यह खबर गांव में जंगल की आग की तरह फैल गयी. लोगों की भीड़ जमा हो गयी. लोग काफी गुस्से में थे.
इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को गिरफ्त में ले लिया.
मां व दादी ने रची साजिश
इधर बताया जाता है कि इस बाल विवाह का षडयंत्र लड़की की मां तथा दादी ने मिलकर रचा था. ग्रामीणों का कहना है कि इस शादी के लिये लड़का पक्ष से इन लोगों ने पैसे भी लिये हैं. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. मालूम हो कि चार बहनों में पीड़िता तीसरे नंबर पर है. वह मवि हरिनगर में आठवीं कक्षा में पढ़ती है. उसके दो भाई दीपक मिश्र तथा सूरज मिश्र हैं. पिता के साथ दिल्ली में ये दोनों काम करते हैं. होली में दोनों गांव आये थे. मां तथा दादी ने रविवार को दोनों को जबरन वापस दिल्ली भेज दिया और इधर रात में यह कारनामा कर दिया. दूसरी ओर सूचना मिलते ही दोनों भाई रास्ते ही वापस लौट आये. दोनों अपनी मां व दादी को कोस रहे थे.
कार्य संस्कृति पर सवाल
इस घटना से बाबा मंदिर की न्यास समिति की कार्य संस्कृति पर भी सवालिया निशान लग गया है. मालूम हो कि समिति के कर्मी ने लड़की का जन्म प्रमाण पत्र लिये बगैर ही शादी की रसीद काट दी. हालांकि आधार कार्ड नहीं दिये जाने के कारण रसीद नहीं दी, लेकिन शादी से भी नहीं रोका. यही वजह रही कि बाल विवाह का शिकार बच्ची हो गयी. मालूम हो कि चालू साल में जनवरी से अभी तक 40 शादियां इस मंदिर में हुई हैं. यहां यह भी बता दें कि न्यास समिति के पदेन अध्यक्ष एसडीपीओ होते हैं जो कि अभी सुरेश कुमार हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन