दरभंगा : केंद्र सरकार के उजाला योजना अंतर्गत पूर्व घोषणा के तहत अब एलइडी सिलिंग फैन भी उपलब्ध करा दिया गया है. बिजली की बचत व कम वोल्टेज में भी बेहतर परिणाम के लिए सरकार ने इसे उपभोक्ताओं के लिए उतारा है. प्रधान डाक घर लोगों को सिलिंग पंखा व एलइडी बल्ब सस्ते दर पर उपलब्ध करायेगा. चालू माह से ही प्रधान डाक घर लालबाग से सिलिंग पंखा, एलइडी ब्लब व ट्यूब लाइट की बिक्री शुरू हो जाने के आसार हैं.
बाजार में उपलब्ध सामानों से सस्ते व अधिक वारंटी पर प्रधान डाकघर इसे उपलब्ध करायेगी. इस बावत बिहार सर्किल जनरल परिमंडल पटना के मुख्य पोस्ट मास्टर डीके झा ने गजट नोटिफिकेशन भेज निर्देश दिया है.
उपभोक्ताओं को मिलेगी उपकरणों के किल्लत को ले राहत : वर्त्तमान में नगर बिजली कार्यालय एलइडी बल्ब व ट्यूब लाइट अपने को-ऑर्डिनेटर के माध्यम से बेच रही है. अधिकांश समय स्टॉक समाप्त रहने व कालाबाजारी से हो रही परेशानी एवं कार्यालय की दौड़ लगा रहे उपभोक्ताओं को इससे राहत मिलेगी. भारत सरकार के निर्देश पर सिलिंग पंखा, एलइडी बल्ब एवं ट्यूब लाइट बेचने को लेकर एनर्जी एफीसिएन्सी सर्विसेज लिमिटेड एवं जीपीओ के बीच 16 अगस्त को एक वर्ष के लिये करार हुआ है.
बिक्री के बदले एजेंसी विभाग को कमीशन देगी. वहीं कम बिजली खपत करने वाले एवं सस्ते दर पर बिजली विभाग के उपभोक्ताओं को यह उपकरण प्रधान डाकघर मुहैया कराएगी.
उपभोक्ताओं को कम ढीली करनी होगी जेब : वर्त्तमान में इन सामानों की कीमत बाजार में आसमान छू रही है. साथ ही वारंटी का समय सीमा भी कम ही रहती है. इससे उपभोक्ताओं को अधिक जेब ढीली करनी पड़ती है. नौ वाट की एलइडी बल्ब की बाजार में 100 से 150 के बीच है. 20 वाट के ट्यूब लाइट की कीमत चार सौ रुपये एवं सिलिंग पंखा की कीमत 1650 से 2100 रुपये तक है. वहीं एलइडी बल्ब, ट्यूब लाइट व पंखा के वारंटी की समय सीमा दो साल ही दी जाती है.
चालू माह से सस्ते दर पर उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सुबह नौ से तीन बजे तक होगी बिक्री
एक आइडी पर कितना मिलेगा बल्ब बिजली विभाग के स्थायी उपभोक्ताओं के लिए उपकरण की सीमा निर्धारित कर दी है. इसके तहत एक कन्जयूमर आईडी पर 10 एलइडी ब्लब, पांच ट्यूब लाइट एवं दो सिलिंग पंखा मिल सकेगा.
ये है दर
नौ वाट के एलइडी बल्ब की कीमत 70 रुपये, 20 वाट के ट्यूब लाइट की कीमत 220 रुपये तथा 50 वाट के सिलिंग पंखा की कीमत 1200 रुपये निर्धारित की गयी है. बल्ब व ट्यूब लाइट की वारंटी खरीद तिथि से तीन साल एवं पंखा की वारंटी ढाई साल होने की बात बतायी जा रही है.
स्थायी उपभोक्ताओं को ही लाभ: विभाग के निर्देशानुसार नार्थ व साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के स्थायी उपभोक्ताओं को ही प्रधान डाकघर में उपलब्ध सिलिंग पंखा, एलइडी ब्लब एवं ट्यूब लाइट मिल सकेगा. उपभोक्ता को विपत्र भुगतान की रसीद के साथ आधार कार्ड, वोटरकार्ड, ड्राईविंग लाइसेंस आदि में से किसी एक की फोटो कॉपी देना होगा.
विभाग से एलइडी बल्ब, ट्यूब लाइट एवं सिलिंग पंखा बिक्री को लेकर निर्देश मिला है. सामान की प्रतीक्षा में हैं. सामान उपलब्ध होते ही निर्देशानुसार अतिरिक्त काउंटर खोल उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जायेगा. जरूरत पड़ी तो और भी काउंटर खोले जायेंगे.
– महेेंद्र राम,
पोस्टमास्टर, प्रधान डाकघर लालबाग