बिहार के पहले डेयरी एंड कैटल एक्सपो का सीएम नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन, सुधा के 5 नए प्रोडक्ट भी किए लॉन्च

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 21 Dec 2023 7:00 PM

विज्ञापन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के खेल मैदान में आयोजित राज्य के पहले तीन दिवसीय डेयरी एवं पशु एक्सपो का उद्घाटन किया. इस एक्सपो में बिहार और अन्य राज्यों से उन्नत नस्ल के दुधारू मवेशी और बैल लाए गए हैं

विज्ञापन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को तीन दिवसीय बिहार डेयरी एवं मवेशी एक्सपो 2023 का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने अलग-अलग हिस्सों में घूम-घूम कर हर चीज की जानकारी ली. बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के खेल मैदान में आयोजित राज्य के पहले डेयरी और मवेशी एक्सपो में बिहार और अन्य राज्यों से उन्नत नस्ल के दुधारू मवेशी और बैल लाए गए हैं. इसमें हरियाणा के पानीपत की मुर्रा नस्ल की 10 करोड़ रुपये कीमत की भैंस गोलू-2 आकर्षण का केंद्र बना है.

undefined

पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय किशनगंज का शुभारंभ

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से करीब 239.96 करोड़ की लागत से कॉम्फेड, पटना के पांच डेयरी संयंत्रों एवं 172.76 करोड़ की लागत से कॉम्फेड पटना के अन्य उपस्करों का उद्घाटन किया. उन्होंने पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय किशनगंज का शुभारंभ भी किया.

undefined

पांच नए उत्पादों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कॉम्फेड, पटना के पांच नए उत्पादों मिठाइयां, नमकीन, कुकीज, ब्रेड और पेयजल (सुधा सलिल) का लोकार्पण किया. साथ ही राज्य सरकार एवं दुग्ध संघों को 10.50 करोड रुपये के लाभांश वितरण से संबंधित चेक प्रदान किया. इसमें राज्य सरकार को 5.76 करोड़ रुपये और दुग्ध संघ को 4.74 करोड़ रुपये वितरित किये जायेंगे.

undefined

मत्स्य विकास भवन का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने बिहार वेटनरी कॉलेज, पटना के निकट स्थित परिसर में 14.31 करोड़ रुपये की लागत से काम्फेड के कार्यालय परिसर में निर्मित होने वाले नए कार्यालय भवन और मत्स्य अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र पटना में 54.35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मत्स्य विकास भवन का शिलान्यास किया.

undefined

सुधा के कैफेटेरिया का भी शिलान्यास

कॉम्फेड के कार्यालय परिसर में 3.57 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली सुधा के कैफेटेरिया का शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना का पशु पोषण ऐप लॉच किया. उन्होंने बिहार एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, पटना कैंपस के प्रस्तावित प्रारूप का अवलोकन किया.

दुधारू गायों की प्रतियोगिता

पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, कॉम्फेड और बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस एक्सपो में देसी और विदेशी संकर नस्ल की गायों के लिए दुधारू गायों की प्रतियोगिता आयोजित की गयी है. इसमें सबसे अधिक दूध देने वाली गायों को पुरस्कृत किया जायेगा.

पशु आहार के विषय में दी जाएगी जानकारी

एक्सपो में किसानों को गुणवत्तापूर्ण पशु आहार बनाने के विषय में जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा देश में पशुधन की उचित देखभाल, फार्म प्रबंधन, उत्पाद निर्माण, पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन इत्यादि से संबंधित उपकरणों, दवाओं सहित अन्य सेवाओं की प्रदर्शनी और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है. इसमें लगभग 50 कंपनियों भाग ले रही हैं.

undefined

किसान संगोष्ठी का आयोजन सहित पशुओं की होगी जांच

एक्सपो में किसान संगोष्ठी का आयोजन होगा. इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों, सरकारी उपक्रमों और इंडियन कौंसिल ऑफ एग्रीकल्चर रिसर्च एवं कॉम्फेड के विशेषज्ञों द्वारा पशुपालन में नई तकनीकों की जानकारी दी जायेगी. बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के चिकित्सक पशुओं के स्वास्थ्य की जांच का करेंगे. इसमें पशुपालक अपने पशुओं के रक्त, पेशाब व मल के नमूनों की जांच कराकर उचित उपचार व सलाह प्राप्त कर सकेंगे.

undefined

हरियाणा के पानीपत से मुर्रा नस्ल के भैंसा गोलू-2 बना आकर्षण का केंद्र

इस एक्सपो में पानीपत, हरियाणा से जाने माने मुर्रा नस्ल के भैंसा गोलू-2 को लाया गया है जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र है. इस भैंसे का सीमन (फॉर आर्टिफीसियल इन्सेमीनेशन) हर साल 15 लाख में बिकता है. पानीपत के पशु मेले में इसकी कीमत 10 करोड रुपये लगाई गई थी. इस भैंसे के मालिक किसान पद्मश्री नरेंद्र सिंह हैं. ये किसान इस मेले में उन्नत पशुधन के बारे में जानकारी देकर बिहार के किसानों को प्रेरित करेंगे.

undefined

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री मो आफाक आलम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति डॉ रामेश्वर सिंह, कॉम्फेड बिहार के प्रबंध निदेशक प्रभाकर, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी, पशु विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में किसान व पशुपालक उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन