''सोनी'' ने सीएम को बताया पति का जुल्म, तो बदली जिंदगी,स्कूल में दाखिला

Published at :30 Apr 2017 5:06 AM (IST)
विज्ञापन
''सोनी'' ने सीएम को बताया पति का जुल्म, तो बदली जिंदगी,स्कूल में दाखिला

बगहा : कम उम्र में शादी के बाद चार साल से ससुराल के कड़वे संबंधों व पति की ज्यादती झेल रही सोनी(बदला हुआ नाम) को आखिरकार स्कूल नसीब हो गया. कल तक सोनी पति की प्रताड़ना से रिश्तेदार के यहां छिपी हुई थी, वह आज कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा बन गयी […]

विज्ञापन

बगहा : कम उम्र में शादी के बाद चार साल से ससुराल के कड़वे संबंधों व पति की ज्यादती झेल रही सोनी(बदला हुआ नाम) को आखिरकार स्कूल नसीब हो गया. कल तक सोनी पति की प्रताड़ना से रिश्तेदार के यहां छिपी हुई थी, वह आज कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा बन गयी है. ससुराल में जूठे बरतन धोनेवाली सोनी के हाथ में अब स्कूल बैग व किताब है. पोशाक भी मुहैया करा दी गयी है. इतना ही नहीं सोनी को प्रताड़ित व शारीरिक शोषण करने के आरोप में उसके पति पर प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है.

मामला बगहा दो के सबया मुसही ग्राम का है, जहां की रहनेवाली सोनी की शादी नौ साल की उम्र में ही 2013 में सोनगढ़वा थाने के गोड़िया टोला के 35 वर्षीय गुमानी यादव के साथ हुई थी.
‘सोनी’ ने सीएम…
कम उम्र में ही ससुराल पहुंची सोनी को ससुरालवालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. मायके जाने की बात कहने पर पति उसे घर में कैद करके रखने लगा. उसपर जुल्म हुए. शादी के तीन साल बाद वह जनवरी 2017 में मायके पहुंची और सारी दास्तां अपनी मां को बतायी. इसी बीच पति फिर उसे ससुराल ले जाने पहुंच गया. जबरन ऑटो में उसे बांध कर बैठाया गया, लेकिन अपनी सहेलियों की मदद से वह बची. पति की प्रताड़ना व ससुराल का डर सोनी को था कि वह दस दिनों से रिश्तेदार के घर छिपी हुई थी और उसका पति गुमानी रोज उसके मायके पहुंच कर सोनी का पता लगाने व उसे ससुराल ले जाने का दबाव दे रहा था.
सीएम से मिली सोनी, बोली मुझे पढ़ना है. आजिज होकर सोनी शुक्रवार को हंगर प्रोजेक्ट की अख्तरी के साथ पटना में जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिली. बोली कि सर, मैं पांचवी कक्षा में थी. तभी मेरी शादी मेरे से चार गुने उम्र के आदमी के साथ कर दी गयी है. तब से मेरी जिंदगी नर्क बन गयी है. मुझपर जुल्म होते हैं. मैं पढ़ना चाहती हूं.
का करीं हुजूर, पांच बिटिया के कइसे पलतीं….
हुजूर! पांच बिटिया भइले के बाद पति घर छोड़ के चल गइल. हाथ में एक्को फूटी कौड़ी ना रहल. दहेज कहां से लइतीं..जइसे-जइसे बिटिया सन सयान भइलीन.. वइसे सबकर वियाह करा देली.. शनिवार को बगहा एसडीएम कार्यालय पहुंची सोनी की मां ने ये बातें एसडीएम धर्मेंद्र कुमार से कहीं. उसने बताया कि शादी के बाद उसे पांच बेटियां हुईं.
इसके बाद उसके पति ने उसे छोड़ दूसरी शादी रचा ली. पांच बेटियों को पालने की जिम्मेवारी उसपर आ गयी. सोनी जब पांचवी कक्षा में थी, उसी समय गुमानी यादव से उसकी शादी हो गयी. बेटी काे प्रताड़ित करने की उसे जानकारी मिली, तो वह उसे वापस जाने के लिए काफी मशक्कत की. लेकिन, उसकी ससुराल के लोग सोनी को घर में कैद करके रखते थे. बाद में जोर-जबरदस्ती के बाद सोनी मायके पहुंची. एसडीएम ने पीड़ित परिवार को हर तरह से मदद का भरोसा दिया है.
पति से दूर रखने व पढ़ने की जतायी थी इच्छा , ‘प्रभात खबर’ में छपी खबर पर सक्रिय हुआ प्रशासन
बगहा एसडीएम ने खुद स्कूल में कराया नामांकन
अब सोनी के हाथ में स्कूल बैग व िकताब
कस्तूरबा िवद्यालय में वर्ग छह में कराया गया नामांकन
सोनी द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बतायी गयी दास्तां की खबर प्रभात खबर में प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. डीएम लोकेश कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम धर्मेंद्र कुमार व एसपी शंकर झा आनन-फानन में सोनी व उसकी मां को बुला कर उससे मामले की जानकारी ली. कस्तूरबा विद्यालय, हरनाटांड के प्रधानाध्यापक को बुला कर सोनी का कक्षा छह में नामांकन कराया गया. सोनी की मां के आवेदन पर पटखौली ओपी में गुमानी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गयी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन