बक्सर: डुमरांव में शहीद दिवस पर वीर सपूतों को नमन, भारत छोड़ो आंदोलन के संघर्ष को किया याद
प्रतिमा पर माल्यार्पण करते लोग
डुमरांव में 16 अगस्त को शहीद दिवस के अवसर पर भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. जदयू नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को याद किया.
भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान 16 अगस्त को डुमरांव में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ हुए संघर्ष में शहीद हुए वीर सपूतों की स्मृति में रविवार को शहीद दिवस मनाया गया. जदयू नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने शहीद पार्क पहुंचकर शहीदों की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
अंग्रेजी पुलिस की गोलीबारी में शहीद हुए थे वीर सपूत
रवि उज्जवल कुशवाहा ने कहा कि 16 अगस्त को आजादी के दीवानों का जत्था तत्कालीन डुमरांव थाना परिसर में तिरंगा फहराने पहुंचा था. आंदोलनकारियों को रोकने के लिए अंग्रेजी पुलिस ने गोलीबारी की, जिसमें कई वीर सपूत शहीद हो गए. उन्होंने कहा कि गोलीबारी के बावजूद आंदोलनकारियों का हौसला नहीं टूटा और उन्होंने थाना परिसर में तिरंगा फहराकर साहस दिखाया.
16 अगस्त शौर्य और बलिदान की अमिट गाथा
रवि उज्जवल कुशवाहा ने कहा कि डुमरांव के इतिहास में 16 अगस्त शौर्य और बलिदान की अमिट गाथा है. 15 अगस्त स्वतंत्रता का राष्ट्रीय पर्व है, तो 16 अगस्त डुमरांव के शहीदों को स्मरण करने का दिन है. नई पीढ़ी को इनके त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए.
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर जदयू जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा, नगर अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता, सरोज मौर्य, मिथिलेश कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










