बक्सर के पुराने गंगा पुल से युवक ने नदी में लगाई छलांग, पिता के पहुंचने से पहले हुआ हादसा
सांकेतिक तस्वीर
बक्सर के पुराने गंगा पुल से एक युवक ने अपने पिता से नाराज़ होकर नदी में छलांग लगा दी. पिता के पुल पर पहुंचने से ठीक पहले बेटे ने यह कदम उठाया. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई.
Buxar Youth Jumps Into Ganga River: बक्सर शहर को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले पुराने गंगा पुल से एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलते ही बक्सर गंगा ब्रिज चेकपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. इस घटना से सनसनी फैल गई और पुल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. गंगा में लापता 22 वर्षीय युवक श्रीकांत पासवान उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद अंतर्गत नरही थाना क्षेत्र के टुटुवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान का पुत्र है.
पिता से नाराज था श्रीकांत
जानकारी के मुताबिक श्रीकांत के पिता श्याम नारायण पासवान भरौली स्थित एक खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं. श्रीकांत अपने पिता से किसी बात को लेकर नाराज था. उसी बीच श्रीकांत ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह गंगा नदी में कूदने जा रहा है. बेटे के फोन पर ऐसी बात सुनते ही श्याम नारायण पासवान घबरा गए और बिना देर किए फौरन बाइक से पुल के लिए रवाना हो गए.
पुल पर पहुंचने के बाद नदी में लगाई छलांग
श्याम नारायण पासवान जब पुल पर पहुंचे तो बेटे से तकरीबन 100 मीटर की दूरी पर उनकी बाइक बंद हो गई. पिता बाइक छोड़कर बेटे की ओर बढ़े ही थे कि श्रीकांत ने उन्हें देख लिया और गंगा नदी में छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलने के बाद बक्सर गंगा ब्रिज चेकपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










