buxar news : एक दिन पहले घर से निकले बच्चे का नहर में मिला शव

buxar news : थानाध्यक्ष ने कहा- प्रतीत होता है कि हत्या कर शव को लगाया गया है ठिकाना
बक्सर. शहर के बाइपास रोड स्थित शांति नगर पुल के नीचे लावारिस हालात में एक शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान शहर से सटे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नदांव निवासी करण लाल के 12 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई. रविवार की सुबह शव दिखायी देने के बाद टाउन थाने को सूचना दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि पुल के नीचे औंधे मुंह किसी पुरुष का शव पानी में उपला रहा है. इसके बाद कड़ी मशक्कत कर घंटों बाद उसे बाहर निकाला गया. इधर शव मिलने की खबर से नगर में सनसनी फैल गयी व लोगों की भीड़ जुट गयी. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास में जुट गयी, लेकिन उस समय तक शव की शिनाख्त नहीं हुई. लिहाजा पुलिस ने कागजी खानापूर्ति कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. बाद में पहुंचे मृतक के परिजनों ने शव को सन्नी कुमार के रूप में पहचान की, जिन्हें पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया. इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सन्नी कुमार के परिजनों ने बताया कि एक दिन पूर्व शाम को वह अपने दोस्त संग कहीं गया था. देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजन चिंतित हो गये और रात होने के चलते आसपास खोजबीन के बाद थक-हार कर सो गये. सुबह फोन आदि से संपर्क कर अपने स्तर से पता लगाने की कोशिश की जा रही थी. इसी बीच अज्ञात शव मिलने की जानकारी हुई. इसके बाद भागे-दौड़े परिजन पहुंचे तथा शव की पहचान की. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोर की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का मामला प्रतीत हो रहा है. हालांकि अंतिम नतीजा मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही निकलेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




