Buxar News: फर्नीचर के बीच छुपाकर दरभंगा ले जाई जा रही 8.50 लाख की विदेशी शराब जब्त

Published by : Vivek Pandey Updated At : 20 May 2026 11:10 AM

विज्ञापन

Buxar News: गुप्त तहखाने वाली पिकअप पकड़ी गई, चालक गिरफ्तार; हरियाणा से लाई गई थी शराब की खेप

विज्ञापन

Buxar News: (ओंकार नाथ मिश्र) बक्सर जिले में शराबबंदी को ठेंगा दिखाकर अन्य राज्यों से शराब तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग का डंडा एक बार फिर चला है. विभागीय टीम को यह सफलता यूपी की सीमा को जोड़ने वाले गंगा पुल के पास स्थित वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट के पास मिली.

फर्नीचर के नीचे बना था गुप्त तहखाना

टीम ने वाहन जांच के दौरान बरामद भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक महिन्द्रा पिकअप को जब्त कर ली और चालक को दबोच लिया. लकड़ी के बने कीमती सोफे और अन्य फर्नीचर के बीच पिकअप में तहखाना बनाकर शराब की इस बड़ी खेप को छुपाकर ले जाया जा रहा था. जब्त शराब की कुल कीमत करीब 8.50 लाख रुपये आंकी गई है.

हरियाणा से दरभंगा पहुंचाई जा रही थी शराब


मौके से गिरफ्तार चालक सह तस्कर की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला अंतर्गत महेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र के उषमापुर का रहने वाला है. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि शराब की यह खेप हरियाणा के अंबाला से लोड की गई थी और इसे बिहार के दरभंगा जिले में डिलीवर करना था.

इसकी पुष्टि करते हुए उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चेकपोस्ट प्रभारी सह उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई सघन जांच के दौरान वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक महिंद्रा पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया गया. वाहन पर ऊपर से लकड़ी के घरेलू फर्नीचर लदे हुए थे, जिससे पहली नजर में किसी को कोई शक न हो. जब सुरक्षाकर्मियों ने बारीकी से जांच शुरू की, तो फर्नीचर के नीचे और उसके बीच बने विशेष गुप्त तहखानों का पता चला. पुलिस ने जब इन्हें खोला तो भारी मात्रा में चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड्स की शराब बरामद की गई.

महंगे ब्रांड की 668.100 ली शराब बरामद


जब्ती सूची के अनुसार कुल 668.100 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है. इसमें ऑल सीजन्स व्हिस्की के 3570 पीस (180 एमएल), ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 12 बोतलें (750 एमएल), मैजिक मोमेंट्स वोदका की 12 बोतलें (750 एमएल) और बकार्डी रम की 10 बोतलें (750 एमएल) शामिल हैं. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि शराब और पिकअप वैन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है. इस रैकेट से जुड़े नेटवर्क को खंगालने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.

विज्ञापन
Vivek Pandey

लेखक के बारे में

By Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 6 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन