बक्सर: डुमरांव स्टेशन निरीक्षण में यात्रियों की दिखी नाराजगी, विभागीय समन्वय की कमी को बताया लापरवाही

Author Sujeet Kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन

स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते विधायक राहुल सिंह | Prabhat Khabar Network

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर चार साल से बंद जन प्रसाधन को लेकर विधायक राहुल कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन दिनों में इसे चालू करने का निर्देश दिया है।

विज्ञापन

Buxar News : डुमरांव रेलवे स्टेशन पर वर्ष 2022 में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया जन प्रसाधन चार वर्षों से बंद पड़ा है. शनिवार को स्थानीय विधायक राहुल कुमार सिंह ने स्टेशन का औचक निरीक्षण कर स्थिति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर जन प्रसाधन चालू कराने का सख्त निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

चार साल से बंद जन प्रसाधन पर विधायक की सख्ती

निरीक्षण के दौरान विधायक राहुल कुमार सिंह ने पाया कि उद्घाटन के इंतजार में बंद पड़ा जन प्रसाधन उपयोग नहीं होने के कारण जर्जर होने लगा है. शौचालय बंद रहने से यात्रियों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विधायक ने कहा कि यात्रियों की बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी.

बाइक स्टैंड बना जन प्रसाधन परिसर

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि जन प्रसाधन परिसर और स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर मोटरसाइकिलें खड़ी कर उसे अस्थायी बाइक स्टैंड की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे स्टेशन परिसर में अव्यवस्था बढ़ रही है और यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है.

विभागीय समन्वय की कमी बनी बड़ी वजह

मामले की समीक्षा के दौरान विभागों के बीच समन्वय की कमी भी उजागर हुई. जानकारी के अनुसार तत्कालीन आईओडब्ल्यू का कहना था कि जन प्रसाधन रेलवे को हैंडओवर किया जा चुका है, जबकि तत्कालीन सीटीआई के मुताबिक पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण संवेदक ने अब तक इसे औपचारिक रूप से रेलवे को नहीं सौंपा था. इसी कारण यह सुविधा वर्षों से बंद पड़ी रही.

तीन दिनों में चालू करने का निर्देश

विधायक राहुल कुमार सिंह ने स्टेशन प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में तीन दिनों के भीतर जन प्रसाधन चालू कर यात्रियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विधायक के सख्त रुख के बाद अब यात्रियों को उम्मीद है कि लंबे समय से बंद यह बुनियादी सुविधा जल्द ही शुरू हो जाएगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन