डुमरांव सशक्त स्थायी समिति चुनाव में एक वोट से जीतीं भागमनी, आनंद और विजय भी बने सदस्य

एक वोट से जीतीं भागमनी देवी
Buxar News : नगर परिषद डुमरांव की सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए गुरुवार को चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई. इस बेहद दिलचस्प और कड़े मुकाबले में आनंद कुमार, भागमनी देवी और विजय कुमार ने बाजी मारते हुए समिति में अपनी जगह पक्की कर ली है.
Buxar News : (डुमरांव से सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट)
नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर गुरुवार को हुए चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. समिति के तीन पदों के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे. चुनाव प्रक्रिया को लेकर नगर परिषद कार्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. ईओ राहुलधर दुबे ने बताया कि पूरे चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया. सुबह आठ बजे सभी 35 निर्वाचित सदस्यों को मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया, जिसके बाद पहले नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई गई और फिर नियमानुसार मतदान व मतगणना की गई.
मात्र एक वोट से जीतीं भागमनी देवी, विजय को मिली एकतरफा बढ़त
समिति के पहले पद के लिए छह प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से आनंद कुमार और धनजी कुमार के बीच सिमट गया. मतदान के बाद आनंद कुमार को 12 वोट मिले, जबकि धनजी कुमार को 8 मत प्राप्त हुए. इस प्रकार आनंद कुमार ने चार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. दूसरे पद के लिए भागमनी देवी और अनु कुमारी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. मतगणना में भागमनी देवी को 17 वोट मिले, जबकि अनु कुमारी को 16 मत प्राप्त हुए. मात्र एक वोट से भागमनी देवी ने जीत हासिल कर समिति में अपनी जगह बनाई. तीसरे पद के लिए विजय कुमार और कन्हैया राम आमने-सामने थे, जिसमें विजय कुमार ने एकतरफा बढ़त बनाते हुए 18 वोट हासिल किए, जबकि कन्हैया राम को केवल 3 वोट ही मिल सके.
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, लागू रही धारा 163
चुनावी प्रक्रिया के दौरान नगर परिषद कार्यालय परिसर में बीएनएस की धारा 163 लागू रही. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आम लोगों को मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर रखा गया था. मुख्य गेट पर दो दंडाधिकारी तैनात थे और केवल निर्वाचित सदस्यों को ही अंदर जाने की अनुमति थी. डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा अपनी टीम के साथ सुरक्षा में मुस्तैद रहे. चुनाव में प्रेक्षक के रूप में एडीएम (राजस्व) अरुण कुमार मौजूद थे, जबकि निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी एसडीएम राकेश कुमार ने निभाई. सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में बीडीओ संदीप पांडेय एवं बीपीआरओ रोहणी कुमारी भी उपस्थित रहीं. मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों को निर्वाची पदाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया.
Also Read: गंगा में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा, दो बच्चे डूबे; एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










