डुमरांव अनुमंडल अस्पताल में विभाग का बड़ा एक्शन, प्रभारी उपाधीक्षक डॉ प्रेमा कुमारी पद से हटाई गईं
अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरांव
Dumraon Anumandal Hospital Buxar : डुमरांव अनुमंडल अस्पताल में लगातार मिल रही अव्यवस्था और मरीजों की शिकायतों के बाद सिविल सर्जन ने प्रभारी उपाधीक्षक को पद से हटा दिया है. उनकी जगह डॉ शिव कुमार चौधरी को अस्पताल का नया कार्यकारी उपाधीक्षक बनाया गया है.
डुमरांव (बक्सर) से सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट
Dumraon Anumandal Hospital Buxar : डुमरांव अनुमंडल अस्पताल में लगातार सामने आ रही स्वास्थ्य सेवाओं की अव्यवस्था और मरीजों की शिकायतों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है. सिविल सर्जन द्वारा जारी पत्र ज्ञापांक-3160 के तहत प्रभारी उपाधीक्षक डॉ प्रेमा कुमारी को उनके पद से हटा दिया गया है. उनके स्थान पर वरीयता क्रमांक-1877 के डॉ शिव कुमार चौधरी को कार्यकारी उपाधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
निर्देशों की अनदेखी बनी कार्रवाई का कारण
सिविल सर्जन डॉ शिव प्रसाद चक्रवर्ती द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि डॉ प्रेमा कुमारी को अस्पताल के प्रशासनिक कार्यों के संचालन के लिए नामित किया गया था, लेकिन उनके द्वारा बार-बार उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की जा रही थी. इसके साथ ही मरीजों को समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने की शिकायतें भी लगातार प्राप्त हो रही थीं, जिससे अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे थे.
Also Read : बक्सर: निर्जला एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान कर रखा 24 घंटे का उपवास
अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठ रहे थे सवाल
सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी. अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों में लगातार नकारात्मक खबरें भी प्रकाशित हो रही थीं, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था की कमियों को उजागर किया.
Also Read : बक्सर में आसमान से बरस रही आग, 43°C के पार पहुंचा पारा; अगले 48 घंटे तक राहत के आसार नहीं
एमएनसीयू वार्ड की लापरवाही के बाद तेज हुई कार्रवाई
हाल ही में अस्पताल के एमएनसीयू वार्ड में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने भी मामले का संज्ञान लिया था. इसके बाद प्रभारी उपाधीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई. वहीं, अस्पताल प्रबंधक को पहले ही निलंबित किया जा चुका है.
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राथमिकता
सिविल सर्जन डॉ शिव प्रसाद चक्रवर्ती ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
Also Read : बक्सर में एक ही रात तीन घरों से भीषण चोरी, 60 लाख के गहने और कैश ले उड़े चोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Suryakant Kumar
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों से जुड़ी हाइपरलोकल खबरों, शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार के विषयों पर समाचार लेखन का कार्य कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










