बक्सर में आसमान से बरस रही आग, 43°C के पार पहुंचा पारा; अगले 48 घंटे तक राहत के आसार नहीं
सांकेतिक तस्वीर
Buxar Weather News : बक्सर में तापमान 43°C के पार पहुंच गया है. मानसून की देरी, बढ़ती उमस और लू से लोग बेहाल हैं. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक गर्मी का असर बने रहने का अनुमान जताया है.
बक्सर से आशुतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट
Buxar Weather News : बक्सर जिले में आसमान से आग बरस रही है. शुक्रवार को जिले का पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. विडंबना यह है कि गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बाद लोगों को राहत की उम्मीद थी, पर मौसम ने उल्टा खेल कर दिया.
आपके शहर में
बारिश नहीं होने से लोग बेहाल
जिले में मानसून में हो रही देरी ने लोगों की समस्या को और भी बढ़ा दिया है. मानसून की बारिश से किसानों को फायदा होने के साथ ही आम लोगों को गर्मी से राहत मिलती, लेकिन मानसून के न पहुंचने से परेशानी बढ़ गई है.

रात में भी गर्मी से राहत नहीं
उमस और चुभन वाली धूप ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. सूर्य की किरणें मानो अंगारों की तरह जमीन पर गिर रही हैं. न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.
Also Read : सिपाही भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया ‘मुन्ना भाई’, दूसरे की जगह एग्जाम देने पहुंचा युवक गिरफ्तार
उमस भरी गर्मी में भारी वृद्धि
एक दिन पहले हुई बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ गई है, जिससे उमस और ज्यादा बढ़ गई है. दिन में बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है. सड़कों पर दोपहर 11 बजे के बाद ही सन्नाटा पसर जा रहा है. बाजार, चौराहे और पार्क सब पूरी तरह वीरान दिख रहे हैं.

डिहाइड्रेशन के मरीजों में बढ़ोतरी
इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं. वहीं, स्थानीय अस्पतालों में लू और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है.
Also Read : बक्सर में मेहरबान हुआ मौसम, बारिश से मिली राहत; किसानों के चेहरे खिले
निर्माण कार्य के मजदूर हुए बेरोजगार
इस भीषण गर्मी की सबसे ज्यादा मार निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों पर पड़ी है. तेज धूप और लू के कारण निर्माण कार्य के मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है. रोज कमाने-खाने वाले परिवारों के सामने अब रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है. ईंट-भट्टों और सड़क निर्माण के काम में लगे मजदूर दोपहर के समय पेड़ की छांव में बैठकर वक्त काटने को मजबूर हैं.

पक्षियों का कलरव भी हुआ शांत
सुबह-शाम जो चहचहाहट गली-मोहल्लों में गूंजती थी, वह अब कहीं सुनाई नहीं दे रही है. पशु-पक्षी भी छांव और पानी की तलाश में शांत हो गए हैं. पेड़ों पर बैठे पक्षियों का कलरव अब पूरी तरह बंद है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक भीषण गर्मी का यह प्रकोप जारी रह सकता है.
पर्याप्त पानी पीने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है. इसी बीच हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी को और ज्यादा बढ़ा दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए