सावन की चौथी सोमवारी पर शिवमय हुआ बक्सर, ब्रह्मेश्वरनाथ धाम से रामरेखाघाट तक उमड़ा आस्था का सैलाब
1. बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक को कतारबद्ध श्रद्धालु 2. ब्रह्मपुर स्थित पोखरा के पास स्नान करते लोग 3.बक्सर स्थित श्रीरामेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
सावन की अंतिम सोमवारी पर बक्सर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब। बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ और सोखा धाम में भक्तों ने किया जलाभिषेक, देखें पूरी खबर।
Buxar News : सावन मास की चौथी और अंतिम सोमवारी पर धार्मिक नगरी बक्सर पूरी तरह शिवमय हो गई. ब्रह्ममुहूर्त से ही सिद्धाश्रम की पावन धरती के कोने-कोने में ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘ऊं नम: शिवाय’ के जयघोष गूंजने लगे. ब्रह्मपुर धाम स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर, इटाढ़ी प्रखंड के कवड़ेसर स्थित सोखा धाम समेत जिले के तमाम प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. वहीं शहर के रामरेखाघाट स्थित भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर और श्रीनाथ बाबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही.
आपके शहर में
बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का महाकुंभ
जिले के प्रसिद्ध ब्रह्मपुर धाम में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लग गई. रामरेखाघाट से पवित्र गंगाजल लेकर रातभर पैदल यात्रा कर पहुंचे हजारों कांवरियों ने कतारबद्ध होकर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया. गर्भगृह में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, पुष्प, धूप और दीप अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. भक्तों में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर खासा उत्साह दिखा.
सोखा धाम में भी भक्तों की भारी भीड़
इटाढ़ी प्रखंड के कवड़ेसर स्थित प्रसिद्ध सोखा धाम शिव मंदिर में भी तड़के सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया. स्थानीय के साथ दूर-दराज से पहुंचे हजारों शिवभक्तों ने वीरभद्र सोखा बाबा और भगवान महादेव के विग्रह पर दूध व गंगाजल से अभिषेक किया. मंदिर परिसर में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.
शहर के शिवालयों में भी उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
बक्सर नगर के श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर, नागेश्वरनाथ मंदिर और बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर समेत अन्य छोटे-बड़े शिवालयों में भी जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. भक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और मदार के पुष्प अर्पित किए. मंदिरों में शंख-घंटी की गूंज और धूप-दीप की सुगंध से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
शाम को हुआ महादेव का दिव्य शृंगार और महाआरती
चौथी सोमवारी के अवसर पर शहर के प्रमुख शिवालयों सहित ब्रह्मपुर धाम में शाम को भगवान भोलेनाथ का विशेष शृंगार किया गया. महादेव को बिल्वपत्र, चंदन, सूखे मेवे और ताजे फूलों से सजाया गया. इसके बाद रात्रि में महाआरती का आयोजन हुआ. घी के दीपों की रोशनी, कपूर की सुगंध, शंखध्वनि और डमरू की गूंज से मंदिर परिसर का माहौल आध्यात्मिक हो उठा. महाआरती में शामिल होने के लिए शाम से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगने लगी थीं.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. रामरेखाघाट पर गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई थी. घाट पर एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम बोट के साथ निगरानी करती रही. ब्रह्मपुर और सोखा धाम समेत प्रमुख मंदिरों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई.
ब्रह्मपुर और रघुनाथपुर के शिवालयों में भी उमड़ी भीड़
सावन मास की अंतिम सोमवारी पर ब्रह्मपुर प्रखंड के प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. ऐतिहासिक ब्रह्मपुर धाम स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर से लेकर रघुनाथपुर स्थित तुलसी आश्रम के महाकालेश्वर मंदिर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा.
बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में लगी लंबी कतार
ब्रह्मपुर धाम स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई. भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा, भांग और फल-फूल अर्पित कर भगवान शिव की पूजा की. बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश के बलिया, गाजीपुर, मऊ और वाराणसी तथा झारखंड से भी बड़ी संख्या में कांवरिए पहुंचे. इनमें अधिकांश कांवरिए बक्सर से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए ब्रह्मपुर पहुंचे थे.
महाकालेश्वर मंदिर में हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक
रघुनाथपुर स्थित तुलसी आश्रम के महाकालेश्वर मंदिर में सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया. मंदिर प्रबंधन और सूर्य पूजा समिति से जुड़े युवाओं ने पंडित राजू मिश्रा और आचार्य मुकेश पांडेय के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान महादेव का रुद्राभिषेक किया. इस दौरान अनिरुद्ध कुमार, सुरेश कुमार, अंकित कुमार, रजनीश कुमार, विकास केसरी, विवेक केसरी, चंदन, राहुल और बीतेसर सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए