बक्सर में स्कॉर्पियो लूटकांड का खुलासा, तकनीकी जांच से दो आरोपित गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

Updated:
विज्ञापन

चक्की में स्कॉर्पियो लूट मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों के साथ पुलिस टीम | Prabhat Khabar Network

डुमरांव के चक्की थाना क्षेत्र में हुई स्कॉर्पियो लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तकनीकी जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन

Buxar News : चक्की थाना क्षेत्र के विशेश्वर डेरा के पास हुई स्कॉर्पियो लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. तकनीकी अनुसंधान के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस अकालुपुर निवासी पप्पू यादव और नैनीजोर निवासी नीतीश यादव तक पहुंची. दोनों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक भी बरामद की गई है. पुलिस अब लूटकांड में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्विफ्ट डिजायर से रास्ता रोककर लूटी थी स्कॉर्पियो

पुलिस के अनुसार आरा जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दर्शन छपरा गांव निवासी हरिओम सिंह ने चक्की थाने में लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि 29 जून को वह स्कॉर्पियो से बलिया गए थे. 30 जून को वापस लौटने के दौरान विशेश्वर डेरा के समीप एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया.

इसके बाद कार सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो का दरवाजा खुलवाकर हरिओम सिंह को जबरन नीचे उतार दिया और उनकी गाड़ी लेकर फरार हो गए. बदमाशों ने उनके पास मौजूद दो आईफोन मोबाइल भी छीन लिए थे.

दो दिन बाद ही बरामद हो गई थी स्कॉर्पियो

घटना की सूचना मिलते ही चक्की पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन करते हुए घटना के महज दो दिन बाद नैनीजोर थाना क्षेत्र से लूटी गई स्कॉर्पियो बरामद कर ली. हालांकि, बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों को लगातार खंगालती रही.

तकनीकी सुराग से आरोपितों तक पहुंची पुलिस

अनुसंधान के दौरान मिले तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल लोगों की पहचान की. इसके बाद अकालुपुर निवासी पप्पू यादव, पिता मुन्ना यादव और नैनीजोर निवासी नीतीश यादव, पिता शंभू यादव को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक भी बरामद की है.

लूटकांड में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी

चक्की थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर लूट की घटना की अन्य कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन