बक्सर में समीक्षा बैठक में भड़के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, जर्जर सड़क के ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का आदेश

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 01 Jun 2026 9:46 PM

विज्ञापन

बैठक में मंत्री व अधिकारी

Buxar News: बक्सर समाहरणालय में प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक से बिना सूचना गायब रहने पर पटना प्रभाग के NHAI प्रतिनिधि को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. मंत्री ने सदर अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट को जल्द चालू करने, डॉक्टरों की उपस्थिति जांचने, बिजली बिल सुधार के लिए कैंप लगाने, महादलितों को बासगीत पर्चा देने और जर्जर सड़कों के ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का कड़ा आदेश दिया है. बैठक में जिले के सभी माननीय विधायक और आलाधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन

Buxar News (ओंकार नाथ मिश्र): बक्सर जिला समाहरणालय के सभाकक्ष में सोमवार, 1 जून 2026 को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले के नवनियुक्त प्रभारी मंत्री सह सूबे के डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने विभिन्न विभागों के लापरवाह पदाधिकारियों की जमकर क्लास लगाई. जिला स्तरीय इस अहम बैठक से बिना किसी पूर्व सूचना के गायब रहने पर मंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), पटना प्रभाग के प्रतिनिधि के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल ‘शो-कॉज’ (पृच्छा नोटिस) जारी करने का आदेश दिया. इसके साथ ही उन्होंने बक्सर सदर अस्पताल के बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को अविलंब शुरू करने, खुले में मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और मेंटेनेंस अवधि में भी जर्जर मिली सड़कों के संवेदकों (ठेकेदारों) को ब्लैकलिस्ट (काली सूची) में डालने का कड़ा फरमान जारी किया है.

सदर अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट तुरंत चालू करें, डॉक्टरों की हाजिरी की होगी विभागीय जांच

स्वास्थ्य विभाग के कामकाज की बारीकी से समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने बक्सर सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई. उन्होंने सिविल सर्जन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीएमएसआइसीएल (BMSICL) से तुरंत तालमेल व समन्वय स्थापित कर अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट को हर हाल में क्रियाशील बनाएं. डॉक्टरों की कार्यशैली पर बात करते हुए उन्होंने डॉक्टरों के ड्यूटी रोस्टर की विभागीय जांच कराने तथा अस्पतालों में उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा. मंत्री ने चेतावनी दी कि जिले में चिकित्सकों, स्वास्थ्य पदाधिकारियों व अन्य कर्मियों के तबादले (Transfer) में ट्रांसफर-पोस्टिंग के नियमों का सख्ती से पालन किया जाए, किसी भी स्तर पर पैरवी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी.

बिजली बिल की गड़बड़ी सुधारने के लिए लगेगा विशेष कैंप, पेयजल संकट पर PHED को निर्देश

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि नए बिजली कनेक्शन के लिए आने वाले सभी डिजिटल व मैनुअल आवेदनों का त्वरित निष्पादन करें. उपभोक्ताओं को आ रहे अत्यधिक या त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों की शिकायतों को दूर करने के लिए उन्होंने हर सब-स्टेशन स्तर पर विशेष सुधार कैंप लगाने का फरमान जारी किया.

वहीं, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) को निर्देश दिया गया कि वे भीषण गर्मी को देखते हुए सभी प्रखंडों और महादलित टोलों में पेयजल सुविधाओं की जमीनी जांच करें. बीडीओ और पीएचईडी के अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए जाने वाले लिखित आवेदनों पर बिना समय गंवाए तुरंत एक्शन लें.

महादलितों को बासगीत पर्चा देने में लाएं तेजी, जर्जर सड़क के ठेकेदारों पर गिरेगी गाज

राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए अपर समाहर्ता (AC) को जिले के सभी अंचलों (ब्लॉक कार्यालयों) में भूमि संबंधी लंबित मामलों को नियमानुसार शीघ्र निपटाने का जिम्मा सौंपा गया. भूमि सुधार उपसमाहर्ता (DCLR) व डुमरांव अनुमंडल के अधिकारियों को अंचलों का औचक निरीक्षण कर पेंडिंग आवेदनों का निष्पादन कराने को कहा गया है. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी प्रखंडों के महादलित टोलों में चिन्हित भूमिहीनों को बासगीत पर्चा (आवास के लिए जमीन का मालिकाना हक) देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए.

सड़कों की खराब स्थिति पर भड़कते हुए मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जो सड़कें अभी मेंटेनेंस (अनुरक्षण) अवधि में हैं और फिर भी जर्जर हाल में हैं, उनके संवेदकों को चिह्नित कर तुरंत ब्लैकलिस्टेड किया जाए.

स्कूलों में सुधरेगी मिड-डे मील की क्वालिटी, खुले में मांस बेचने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

प्रभारी मंत्री ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों में पेयजल, शौचालय और बेंच-डेस्क जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) की गुणवत्ता की नियमित औचक जांच कर जिला मुख्यालय को रिपोर्ट सौंपी जाए. नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को शहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और विभागीय पत्र के आलोक में शहरी व बाजार क्षेत्रों में खुले में मांस की बिक्री को पूरी तरह रोकने के लिए पुलिस बल के साथ मिलकर जरूरी कदम उठाने को कहा गया.

कृषि विभाग की समीक्षा में खाद और बीज के भंडारण का मुद्दा गूंजा, जिसपर मंत्री ने दो टूक कहा कि यदि बीज-खाद के वितरण में कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिली, तो संबंधित दुकानदारों और अधिकारियों पर सीधी प्राथमिकी दर्ज होगी. पशुपालन विभाग के प्रस्तावित संयुक्त भवन निर्माण के लिए भी जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए गए.

इस महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में राजपुर के माननीय विधायक संतोष कुमार निराला, डुमरांव के माननीय विधायक राहुल सिंह, बक्सर सदर के माननीय विधायक आनंद मिश्र के अलावा क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य (MLC), जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी, तथा चौसा, इटाढ़ी व ब्रह्मपुर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद (चेयरमैन) सहित जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सभी सदस्य और विभिन्न विभागों के आला प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे.

Also Read: बिहार में बालू-पत्थर के धंधेबाजों पर कड़ा शिकंजा: 10 जून से दूसरे राज्यों की गाड़ियों के लिए ट्रांजिट पास जरूरी

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन