बक्सर बारिश से पहले नगर परिषद अलर्ट, 260 नाले साफ; जलजमाव रोकने को 5 QRT टीमें तैयार

नाले की सफाई करते कर्मी
Buxar News: बक्सर नगर परिषद ने मानसून से पहले शहर के 294 छोटे-बड़े नालों में से 260 से अधिक की सफाई शुक्रवार तक पूरी कर ली है. जलजमाव और बीमारियों से बचाव के लिए नालों की सफाई के साथ एंटी लारवा का छिड़काव भी कराया जाएगा और पांच क्यूआरटी टीमें गठित की गई हैं.
बक्सर से आशुतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट :
Buxar News: नगर परिषद बक्सर ने मानसून पूर्व नाला सफाई अभियान में काफी तेजी ला दी है. स्वच्छता अधिकारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि नगर के कुल 294 छोटे-बड़े नालों में से 260 से अधिक नालों की सफाई का काम शुक्रवार तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. शेष बचे नालों की सफाई को अगले चार दिनों में शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. शहर में बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी छोटे-बड़े नालों की गहन सफाई कराई जा रही है. सफाई के तुरंत बाद सभी नालियों में एंटी लारवा का छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि मच्छरों के प्रकोप और डेंगू-मलेरिया जैसी घातक बीमारियों को फैलने से रोका जा सके.
इमरजेंसी से निपटने के लिए पांच क्यूआरटी टीमों का हुआ गठन
स्वच्छता अधिकारी रवि कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सफाई कार्य में तेजी लाने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पांच-पांच सदस्यों वाली पांच क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है. ये टीमें आवश्यकता अनुसार तत्काल मौके पर पहुंचकर जलजमाव या अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगी.
संसाधनों की भी की गई पुख्ता व्यवस्था
मानसून पूर्व तैयारियों के तहत नगर परिषद ने आवश्यक संसाधनों की भी मुकम्मल व्यवस्था कर ली है. नालों से पानी निकालने और गाद हटाने के लिए 2 डिवाटरिंग पंप, 3 इलेक्ट्रिक मोटर, 3 सेक्शन मशीन, जेसीबी मशीन, 3 पंप सेट, पोकलेन और एक अतिरिक्त जेसीबी मशीन को काम पर तैनात किया गया है.
कचरा नहीं फेंकने की अपील
रवि कुमार सिंह ने कहा कि नगर परिषद का मुख्य प्रयास है कि भारी बारिश से पहले सभी नाले पूरी तरह साफ हो जाएं, जिससे शहरवासियों को जलजमाव की परेशानी न झेलनी पड़े. इस अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है. 294 छोटे-बड़े नालों में 260 नालों की सफाई का कार्य शुक्रवार तक पूरा कर लिया गया है और शेष नालों की सफाई अगले 4 दिन में पूरी हो जाएगी. वहीं, नगर परिषद ने आम लोगों से भी विशेष अपील की है कि वे नालों में कचरा न डालें और शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.
Also Read: बक्सर में घर पर पहुंचकर सात लोगों ने बाप-बेटे को पीटा, एक की हालत गंभीर, FIR दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










