पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में एफआइआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में एफआइआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

शहर के झगरू लोहार की गली स्थित एक मकान में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना को पुलिस-प्रशासन ने गंभीरता से लिया है.

विज्ञापन

डुमरांव. शहर के झगरू लोहार की गली स्थित एक मकान में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना को पुलिस-प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. इस मामले में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के बयान पर जख्मी मुख्तार रंगरेजा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने मामले की तफ्तीश तेज कर दी है. घटना के बाद दूसरे दिन भी शहर में इसको लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा. बताया जाता है कि बुधवार की देर शाम मुख्तार के घर में अवैध रूप से पटाखा निर्माण का कार्य चल रहा था. इसी दौरान किसी कारणवश आग लग गई, जिससे विस्फोट हो गया. हादसे में मुख्तार रंगरेजा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हुए हैं, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया था. एफएसएल टीम ने देर शाम घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये. पुलिस का कहना है कि एकत्र साक्ष्यों के आधार पर विस्फोट के कारणों, प्रयुक्त सामग्री और उसकी क्षमता की जांच की जा रही है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस घटना में किसी उच्च क्षमता वाले विस्फोटक का प्रयोग नहीं हुआ है. माना जा रहा है कि शादी-विवाह जैसे अवसरों पर इस्तेमाल होने वाले सामान्य आतिशबाजी के पटाखों में ही विस्फोट हुआ था. जानकारों का कहना है कि यदि उच्च क्षमता का विस्फोटक होता तो पूरा मकान ध्वस्त हो सकता था और आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंचता. वहीं, मोहल्लेवासियों का कहना है कि संभव है घर में रखे छोटे रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से यह हादसा हुआ हो. मौके से मिले पटाखे भी अनार और कम क्षमता वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Amlesh Prasad

लेखक के बारे में

By Amlesh Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन