खोंइछा बांध मां शारदे को दी गयी विदाई

Published at :16 Feb 2016 4:07 AM (IST)
विज्ञापन
खोंइछा बांध मां शारदे को दी गयी विदाई

डुमरांव/ब्रह्मपुर : अनुमंडल के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन सोमवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया. विसर्जन यात्रा के दौरान युवा डीजे की धुन पर थिरकते रहे थे. मां की यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थी़ बच्चे युवा व बुजुर्ग मां के जयकारे लगा रहे थे़ विसर्जन यात्रा में […]

विज्ञापन

डुमरांव/ब्रह्मपुर : अनुमंडल के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन सोमवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया. विसर्जन यात्रा के दौरान युवा डीजे की धुन पर थिरकते रहे थे. मां की यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थी़ बच्चे युवा व बुजुर्ग मां के जयकारे लगा रहे थे़ विसर्जन यात्रा में युवकों द्वारा जम कर अबीर-गुलाल उड़ाया गया.

नगर के विभिन्न सरकारी व निजी स्कूलों में स्थापित मां की प्रतिमा को छठिया पोखरा ले जाया गया,जहां सरस्वती पुत्रों ने नम आंखों से विदाई दी. वहीं, महिलाएं खोंइचा बांध कर मां को विदा किया और पुन: आने की मंगल कामना की. विसर्जन के दौरान छठिया पोखरा पर प्रशासन द्वारा चारो ओर से बैरिकेडिंग की गयी थी, ताकि कोई अनहोनी की घटना नहीं हो सके़ शहर के विभिन्न चौक-चाराहों सहित पोखरा के चारों ओर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.

पटेल क्लब द्वारा मां की भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी थी. क्लब के सदस्य अविनाश मिश्रा, अमर पटेल, संजय, उपेंद्र, गुडडू, पिंकू, संदीप, रंजन आदि द्वारा सड़क के किनारे दर्शनार्थियों को प्रसाद वितरण किया़ वहीं, सोवां में राहुल सिंह, सुनील, मान्या व विकास ने गाजे-बाजे के साथ मां की प्रतिमा को धूमधाम के साथ विसर्जित किया़ वहीं, ब्रह्मपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड के तमाम इलाकों में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा को सोमवार को धूमधाम से विसर्जन गायघाट, सपही, बलुआ, उधुरा, चंद्रपुरा, महुआर के पवित्र गोकुल जलाशय में किया गया़

अंचलाधिकारी श्री भगवान सिंह ने प्रतिमा विसर्जन के लिए 12 बजे से पहले तक का समय सुनिश्चित किया था, लेकिन लड़काें ने नाच गाने के आगे प्रशासन के आदेश को ताक पर रख दिया़ विसर्जन का कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा़ इस बीच चौक-चौराहाें पर डीजे एवं होली के फुहड़ गीतों से आम जनता को रूबरू होना पड़ा़ चौगाईं प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय प्रखंड के विभिन्न गांवों चौगाई, मुरार, पाडेंयपुर, फफदर,

मंसर्हियां, नचाप, बिरपुर आदि गांवों में मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन धूमधाम से हुआ़ उस वक्त मां सरस्वती की जयकारे से इलाके भक्तिमय बना रहा़ सिमरी प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को प्रखंड के विभिन्न स्कूल व कॉलेजों में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन गाजे-बाजे के साथ धूमधाम से किया गया़ स्कूल के छात्रों ने विसर्जन के दौरान जमकर अबीर गुलाल उड़ाते हुए मां के जयकारे लगा रहे थे़

गाजे बाजे के साथ किया गया प्रतिमा का विसर्जन : राजपुर.मां सरस्वती की प्रतिमाओं का धूमधाम से सोमवार को विसर्जन हुआ. विसर्जन से पूर्व पूजा समितियों ने हवन-पूजन के बाद मूर्तियों को पूरे गांव में घुमाया. इस दौरान युवाओं ने डीजे के धुन पर अबीर और गुलाल लगा कर खूब मस्ती की.वसंत आगमन के गीत को बजा कर उसका लोगों को अहसास कराये. युवकों ने माहौल को गुलाबी रंग में सराबोर कर भक्तिमय बना दिया़ मां सरस्वती की प्रतिमा को चौसा स्थित महादेवा घाट, बसही में धर्मावती नदी ,महावीर स्थान ईसापुर में कर्मनाशा नदी, नागपुर में धर्मावती नदी सहित अन्य नहरों एवं तालाबों में शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जिन किया गया़
मूर्ति दिन भर हुआ विसर्जन
चक्की़ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से मां शारदे की प्रतिमा विसर्जन को लेकर तांता लगा रहा़ छात्रों व पूजा समितियों द्वारा नजदीकी भरियार व विशेश्वर डेरा स्थित नदी पर सोमवार को पूरा दिन मूर्ति विसर्जन को करने को लेकर जमावड़ा लगा हुआ था़ इस दौरान जम कर अबीर व गुलाल उड़े तथा युवाओं ने डीजे की धुन पर मस्ती में सराबोर हो रहे थे़ मानो फाल्गुन के आने के संकेत दे दिये़ मौके पर स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा़
सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण संपन्न
केसठ/चौसा. प्रखंड में मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से हो गया.क्षेत्र के केसठ, दसियांव, रामपुर, कतिकनार, डिहरा समेत अन्य गांवों में मां की प्रतिमाओं का पूजा समितियों ने सोमवार को विसर्जन कर दिया. छात्रों ने डीजे के धुन पर भजन-कीर्तन गाते हुए घाट तक पहुंचे और तालाबों में मूर्तियों का विसर्जन किये. वहीं, चौसा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सोमवार को मूर्ति विसर्जन के बाद सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.
पवित्र गंगा नदी में क्षेत्र के विभिन्न गांवों व कस्बों से प्रतिमाओं को लेकर भक्त पहुंचे थे. प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला देर शाम तक चला.शांतिपूर्ण मूर्ति विसर्जन कराने के लिए जगह-जगह पुलिस बलों की तैनाती की गयी थी. वहीं, बारे मोड़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भव्य पूजा हुई. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने मां शारदे की जयकारा लगा माहौल को भक्तिमय बना दिया. मौके पर जयमंगल कुमार, कमलेश पांडेय, देविका कुमारी, वेद नारायण पांडेय, श्रीभगवान पांडेय,अनामिका रानी समेत अन्य शामिल रहे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन