चंदा कर बनवाया 35 फुट नाला

वार्ड पार्षद ने खड़े किये हाथ, मुहल्लावासियों ने जुटाये 60 हजार रुपये चंदा हाल वार्ड नंबर 33 का बक्सर : नगर के प्राय: सभी वार्डो में जल निकासी की समस्या बनी हुई है. जल निकासी को लेकर लोग परेशान हैं. नगर पर्षद में चेयरमैन व उप चेयरमैन के विवाद में शहर की गदंगी का किसी […]
वार्ड पार्षद ने खड़े किये हाथ, मुहल्लावासियों ने जुटाये 60 हजार रुपये चंदा
हाल वार्ड नंबर 33 का
बक्सर : नगर के प्राय: सभी वार्डो में जल निकासी की समस्या बनी हुई है. जल निकासी को लेकर लोग परेशान हैं. नगर पर्षद में चेयरमैन व उप चेयरमैन के विवाद में शहर की गदंगी का किसी को ख्याल नहीं है, बल्कि सभी जोड़-तोड़ में लगे हुए हैं.
सोहनीपट्टी स्थित वार्ड नंबर 33 के न्यू बस्ती राजेंद्र नगर के लोगों ने 60 हजार रुपये की निजी लागत से बाइपास रोड के नीचे गड्ढा खोद कर जल निकासी के लिए 35 फुट लंबे नाली का निर्माण कराया है. यह काम लोगों ने वार्ड पार्षद के सुधी नहीं लेने के कारण स्थानीय लोगों को अपने से कराना पड़ा है.
सोहनीपट्टी स्थित वार्ड नंबर 33 के राजेंद्र नगर मुहल्ला हल्की बारिश में ही जलमग्न हो जाता है. इस समस्या से निजात पाने के लिए लोगों ने वार्ड पार्षद से लगातार गुहार लगायी. जब समस्या का निदान वार्ड पार्षद नहीं कर पाये, तो लोगों ने अपने चंदा जुटा कर नाले का निर्माण करा दिया. इस मुहल्ले में 50 घर हैं, जिसमें 30 घर के लोग जलजमाव से ज्यादा परेशान हैं. लोगों ने मजदूरों के सहारे बाइपास रोड के दस फुट नीचे खुदाई कर नाले का निर्माण कर जल निकासी सोन कैनाल में कर दिया है.
स्थानीय लोगों ने कहा, मुहल्ले के संजय जायसवाल ने मुख्य भूमिका निभाते हुए इस दिशा में पहल की. पहले तो वार्ड पार्षद से लगातार नाली निर्माण के लिए गुहार लगायी. वार्ड पार्षद द्वारा दोनों हाथ खड़ा कर दिये गये और इस समस्या के समाधान में अपनी असमर्थता जता दी.
बबलू पंडित ने बताया कि लगभग जल निकासी को लेकर सभी मुहल्लेवासी त्रस्त थे. जल निकासी का समाधान नहीं हो पा रहा था. बाइपास रोड को बगैर काटे समाधान नहीं था. इससे आवागमन में खासी परेशानी होती. इसलिए हम लोगों ने सड़क के ऊपरी भाग से दस फुट नीचे एक छोर से दूसरे छोर तक मजदूरों की सहायता से खुदाई करा कर नाला डाल कर जल निकासी की स्वत: व्यवस्था की.
स्थानीय निवासी जय प्रकाश एवं गुड्डू पंडित ने कहा कि मुहल्ले में जलजमाव की वजह से बच्चों एवं लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था. बीच वाले घरों में पानी लग गया था, जिसका निदान आवश्यक था. बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही थी. उन्हें जूता अपने हाथ में लेकर जाना पड़ता था.
क्या कहतीं हैं वार्ड पार्षद
अभी बक्सर नगर पर्षद में मुख्य पार्षद अल्पमत में होने की वजह से काम नहीं हो पायेगा. नगर पर्षद की सरकार गठन के बाद मुहल्ले की जल निकासी की समस्या का समाधान कराया जायेगा.
सुनीता देवी, वार्ड नंबर 33 के वार्ड पार्षद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










