BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन फिर भी नहीं थमा छात्रों का आंदोलन, आखिर क्यों धरने पर डटे हैं अभ्यर्थी? जानिए क्या हैं मांगें

Updated:
विज्ञापन

छात्र नेता दिलीप के साथ धरना पर बैठे अभ्यर्थी

Bihar Student Protest: BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भी पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है. 32,388 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो चुका है, लेकिन अभ्यर्थी एकल परीक्षा, निगेटिव मार्किंग हटाने समेत कई मांगों पर अड़े हैं. आखिर क्यों नहीं थम रहा आंदोलन, जानिए पूरी वजह.

विज्ञापन

Bihar Student Protest: पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है. खास बात यह है कि BPSC ने TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. भर्ती के पदों और आवेदन की तारीख भी साफ हो चुकी है. इसके बावजूद अभ्यर्थी धरने से हटने को तैयार नहीं हैं.

सवाल है कि जब 32,388 पदों पर शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन आ गया है, तो फिर छात्र आंदोलन क्यों कर रहे हैं? दरअसल, अभ्यर्थियों की कुछ ऐसी मांगें हैं, जिन पर अभी सहमति नहीं बनी है.

नोटिफिकेशन में क्या है?

मंगलवार को आंदोलन के बीच BPSC ने TRE-4 की अधिसूचना जारी की. इसके तहत 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती होगी. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी. अभ्यर्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे.

नोटिफिकेशन आने के बाद भर्ती को लेकर लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हुआ. लेकिन छात्रों का विरोध खत्म नहीं हुआ.

आखिर आंदोलन क्यों जारी है?

छात्रों का कहना है कि सिर्फ नोटिफिकेशन जारी होना उनकी सभी मांगों का समाधान नहीं है. वे TRE-4 के परीक्षा पैटर्न और भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा BSSC की परीक्षाओं और संविदाकर्मियों से जुड़े मुद्दे भी उनके आंदोलन का हिस्सा हैं.

छात्रों द्वारा जारी किया गया लेटर
छात्रों द्वारा जारी किया गया लेटर

TRE-4 में एक परीक्षा की मांग

छात्रों की प्रमुख मांग TRE-4 की परीक्षा को लेकर है. अभ्यर्थी सिंगल एग्जाम यानी एकल परीक्षा प्रणाली चाहते हैं. उनका कहना है कि शिक्षक भर्ती के लिए दो चरणों की परीक्षा की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए. वे एक ही परीक्षा के आधार पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहे हैं.

निगेटिव मार्किंग हटाने की मांग

अभ्यर्थियों की दूसरी प्रमुख मांग निगेटिव मार्किंग खत्म करने की है. छात्र चाहते हैं कि TRE-4 की परीक्षा में गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएं. उनका तर्क है कि परीक्षा को अभ्यर्थियों के लिए ज्यादा पारदर्शी और सहज बनाया जाना चाहिए.

BSSC की रुकी परीक्षाओं की तारीख भी मांगी

आंदोलन सिर्फ TRE-4 तक सीमित नहीं है. छात्र बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की लंबित परीक्षाओं की तारीख जारी करने की भी मांग कर रहे हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि जिन परीक्षाओं का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है, उनका शेड्यूल जल्द जारी होना चाहिए.

संविदा कर्मचारियों के वेटेज का भी विरोध

छात्रों की एक और मांग संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों को मिलने वाले अतिरिक्त अंकों यानी वेटेज से जुड़ी है. अभ्यर्थी इस वेटेज को खत्म करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में सभी अभ्यर्थियों के लिए समान अवसर होना चाहिए.

24 घंटे का अल्टीमेटम, फिर जारी हुआ नोटिफिकेशन

TRE-4 के नोटिफिकेशन में हो रही देरी को लेकर छात्रों ने पहले ही सरकार को चेतावनी दी थी. अभ्यर्थियों ने कहा था कि अगर 24 घंटे के भीतर भर्ती का शेड्यूल जारी नहीं हुआ, तो शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा. इसके बाद मंगलवार को BPSC की ओर से TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया.

तेजस्वी और दीपांकर भी पहुंचे धरनास्थल

मंगलवार को आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को राजनीतिक समर्थन भी मिला. RJD के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव धरनास्थल पहुंचे और छात्रों से मुलाकात की. वहीं भाकपा-माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी छात्रों के बीच पहुंचे. दोनों नेताओं ने छात्रों की मांगों का समर्थन किया.

हालांकि, छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है. उनका फोकस अपनी मांगों को पूरा कराने पर है.

'मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन'

छात्र नेता दिलीप ने आंदोलन को लेकर राज्यभर के अभ्यर्थियों से गर्दनीबाग पहुंचने की अपील की है. उनका कहना है कि नोटिफिकेशन जारी होना अच्छी बात है, लेकिन अभी छात्रों की सभी मांगें पूरी नहीं हुई हैं. दिलीप के मुताबिक, जब तक छात्रों की जायज मांगों पर फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा.

अब सवाल, आगे क्या होगा?

TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है. 1 सितंबर से आवेदन भी शुरू हो जाएंगे.

लेकिन गर्दनीबाग में छात्रों का धरना यह साफ कर रहा है कि नोटिफिकेशन उनकी मंजिल नहीं है. वे परीक्षा के पैटर्न, निगेटिव मार्किंग, BSSC की लंबित परीक्षाओं और संविदा वेटेज जैसे मुद्दों पर फैसला चाहते हैं.

अब देखना होगा कि सरकार और आयोग छात्रों की इन मांगों पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या बातचीत के जरिए आंदोलन को खत्म कराया जा सकता है.

Also Read: BPSC TRE-4 में किस विषय में कितने पद? 32388 शिक्षक भर्ती की पूरी जानकारी, जानें आवेदन से परीक्षा तक सबकुछ



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन