नालंदा में बिजली विभाग की लापरवाही से करंट लगने से एक महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
नालंदा के तकियापर गांव में कृषि कार्य के दौरान बिजली के करंट से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही पर सवाल उठाए हैं.
Nalanda News: नालंदा जिले के खोदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वरदाहा पंचायत के तकियापर गांव के पास बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में कृषि कार्य कर रही 40 वर्षीय महिला अनीता देवी की विद्युत पोल में आए करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. मृतका तकियापर गांव निवासी रंजीत यादव की पत्नी थीं. घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों ने लगाया बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, खेत में काम करने के दौरान अचानक महिला बिजली के पोल के संपर्क में आ गई, जिसमें तेज करंट प्रवाहित हो रहा था. ग्रामीणों ने महिला की जान बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके. ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है.
कबीर अंत्येष्टि योजना से मिली सहायता
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया. हादसे के बाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे वरदाहा पंचायत के मुखिया रंजीत मिस्त्री एवं उपमुखिया रंजीत यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल 3,000 रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की.
Also Read: नालंदा में मैजिक व बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत; गराई बिगहा गांव के पास हुआ हादसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










