बिहार खेल विश्वविद्यालय में स्पॉट एडमिशन का अंतिम मौका: 5 से 7 अगस्त के बीच पूरी करनी होगी प्रक्रिया, मेडिकल टेस्ट से होगी शुरुआत
सांकेतिक तस्वीर।
बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्पॉट एडमिशन की मेधा सूची जारी कर दी है. इच्छुक अभ्यर्थी 5 से 7 अगस्त के बीच मेडिकल जांच, दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा कर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकते हैं.
Nalanda News: नालंदा जिले के राजगीर स्थित बिहार खेल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को एक और अंतिम अवसर देते हुए 'स्पॉट एडमिशन' (Spot Admission) की मेधा सूची जारी कर दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों को 5 से 7 अगस्त के बीच मेडिकल जांच, दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा करने की प्रक्रिया हर हाल में पूरी करनी होगी. निर्धारित समयसीमा बीत जाने पर अभ्यर्थियों का चयन बिना किसी सूचना के स्वतः रद्द कर दिया जाएगा.
28 से 31 जुलाई की सहमति पर बनी सूची
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार रिक्त सीटों के विरुद्ध 28 से 31 जुलाई के बीच जिन अभ्यर्थियों ने अपनी सहमति दर्ज कराई थी, उनके आधार पर यह सूची तैयार की गई है. बीपीईएस (BPES) एवं पीजीडीएससी (PGDSC) पाठ्यक्रमों की नियमित कक्षाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं, इसलिए चयनित छात्रों को बिना देरी किए शीघ्र नामांकन कराने की सलाह दी गई है.
नामांकन प्रक्रिया: अस्पताल में मेडिकल टेस्ट के बाद होगा वेरिफिकेशन
- चिकित्सीय परीक्षण (Medical Test): नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे अनुमंडलीय अस्पताल, राजगीर में मेडिकल टेस्ट के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है.
- दस्तावेज़ सत्यापन व फीस: मेडिकल के बाद विश्वविद्यालय परिसर में मूल प्रमाण पत्रों का वेरिफिकेशन किया जाएगा और ऑनलाइन शुल्क जमा कराया जाएगा. यदि कोई भी दस्तावेज असत्य या अपूर्ण पाया जाता है तो नामांकन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा.
आवश्यक दस्तावेजों की सूची
अभ्यर्थियों को निम्नलिखित प्रमाणपत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति साथ लानी होगी:
- मैट्रिक, इंटरमीडिएट एवं स्नातक (यदि लागू हो) के मूल अंक-पत्र व प्रमाण-पत्र
- SLC / CLC, माइग्रेशन सर्टिफिकेट (प्रव्रजन प्रमाण-पत्र)
- निवास प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र/आईडी, ब्लड ग्रुप रिपोर्ट
- 5 नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
- आरक्षित वर्ग हेतु: वैध जाति प्रमाण-पत्र, नॉन-क्रीमी लेयर (NCL) / EWS प्रमाण-पत्र तथा खेल सहभागिता प्रमाण-पत्र (Sports Certificate)
निर्धारित शुल्क संरचना (Semester Fee)
- बीपीईएस (BPES): बिहार के मूल निवासी SC, ST एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए ₹64,350 तथा अन्य सभी श्रेणियों के लिए ₹69,350.
- पीजीडीएससी (PGDSC): बिहार के मूल निवासी SC, ST एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए ₹61,950 तथा अन्य सभी श्रेणियों के लिए ₹66,950.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि बीपीईएस में अनुसूचित जाति (SC) महिला वर्ग की एक सीट अब भी रिक्त है. सभी चयनित अभ्यर्थियों को तय समय के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है.
Also Read: बिहार खेल विश्वविद्यालय में खेल एवं शारीरिक शिक्षा केंद्र गठित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










