Nalanda News: दामोदरपुर गांव में तालाब में जहर डालने से हजारों मछलियां मरीं, हिलसा थाने में एफआईआर दर्ज
दमोदरपुर गांव में तालाब में जहर डालने से हजारों मछलियां मरी | Prabhat Khabar Network
दामोदरपुर गांव में एक मत्स्य पालक के निजी तालाब में असामाजिक तत्वों द्वारा ज़हर डालकर हज़ारों मछलियों को मार दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित राहुल कुमार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिससे परिवार पर गहरा आर्थिक संकट आ गया है.
Nalanda News: नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में एक मत्स्य पालक के निजी तालाब में असामाजिक तत्वों द्वारा जहरीला पदार्थ डालकर हजारों मछलियों को मार दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित मत्स्य पालक राहुल कुमार ने बुधवार को हिलसा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. इस घटना से पीड़ित परिवार के समक्ष बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
3 अगस्त की रात दिया गया घटना को अंजाम
राहुल कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने अपने निजी तालाब में व्यावसायिक स्तर पर मछली पालन किया था. तालाब में 250 से 500 ग्राम तक की मछलियां तैयार हो चुकी थीं, जिनसे परिवार का भरण-पोषण होता था. आरोप है कि 3 अगस्त की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दुर्भावनाग्रस्त होकर तालाब में जहरीला पदार्थ मिला दिया. अगली सुबह जब ग्रामीणों ने तालाब की सतह पर तैरती हजारों मरी हुई मछलियों को देखा तो राहुल कुमार को सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर पूरा तालाब मृत मछलियों से भरा मिला.
पुरानी रंजिश और धमकी का आरोप
पीड़ित ने गांव के ही दो व्यक्तियों पर शक जताते हुए आरोप लगाया है कि घटना से ठीक एक दिन पहले उन दोनों ने उन्हें धमकी दी थी. आरोपियों ने कहा था कि "बहुत मछली पाल रहे हो, इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा." पीड़ित का आरोप है कि उसी रंजिश के तहत सुनियोजित तरीके से तालाब में जहर डाला गया है. हादसे में लगभग 15 से 20 हजार रुपये मूल्य की मछलियां पूरी तरह नष्ट हो गई हैं. आय का एकमात्र जरिया ठप हो जाने से पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है.
पुलिस जांच में जुटी
हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हो गया है. पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है. दोषियों की पहचान कर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार पार्थ
संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










