श्रवण कुमार का बिहारशरीफ में किया भव्य स्वागत

ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार का जदयू कार्यकर्ताओं तथा समाजसेवियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
बिहारशरीफ. ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार का जदयू कार्यकर्ताओं तथा समाजसेवियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. स्थानीय परिषदन में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भारी हर्षोल्लास के साथ उन्हें फूल- मालाओं तथा बुके देकर उनका अभिनंदन किया. इस दौरान लोगों ने मंत्री श्रवण कुमार के जोरदार जयकारे लगाये. इस दौरान पूरे परिसर में जदयू समर्थकों का उत्साह चरम पर था. परिषदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए परिवारवाद के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि निशांत कुमार को मंत्रिमंडल में जगह मिलने के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कोई व्यक्तिगत भूमिका नहीं है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कभी भी अपने पुत्र निशांत कुमार को राजनीति में लाने को लेकर कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई. बल्कि बिहार के युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की लगातार मांग के बाद निशांत कुमार ने सार्वजनिक जीवन में आने का निर्णय लिया. मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जब पश्चिम चंपारण से जनसंपर्क यात्रा की शुरुआत हुई थी, उस दौरान भी जगह-जगह आम लोगों और युवाओं ने निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में आने और सरकार में जिम्मेदारी देने की मांग की थी. जनता के इसी आग्रह और विश्वास को स्वीकार करते हुए उन्होंने राजनीति में कदम रखा है. इसे परिवारवाद कहना पूरी तरह गलत और भ्रामक है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों की राजनीति परिवारवाद पर टिकी रही है, वही आज दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों द्वारा भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है. श्रवण कुमार ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के इशारे पर निशांत कुमार को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने जैसी चर्चाएं जानबूझकर फैलाई गईं, लेकिन इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं थी. मंत्री ने कहा कि बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और जदयू संगठन गांव-गांव तक मजबूत हो रहा है. आने वाले दिनों में विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम और तेज गति से किया जाएगा. इस मौके पर मौजूद जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंत्री श्रवण कुमार का प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव तथा निशांत कुमार की युवा सोच आने वाले समय में न सिर्फ नालंदा बल्कि पूरे बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का काम करेगी. कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी. इस अवसर पर बधाई देने वालों में संजयकांत सिन्हा. संजय मुखिया, सुरेश प्रसाद, बब्लू पटेल, उपेन्द्र दिलवाला, अर्जुन कुशवाहा, विकास कुमार, अमरेन्द्र कुमार मुन्ना, युगल किशोर प्रसाद, राजेंद्र मुखिया, प्रदीप मुखिया, टुनटुन चंद्रवंशी, सकलदीप कुमार, रंजू देवी, लक्ष्मण प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










