बिहारशरीफ में सवा करोड़ की डकैती कांड में वारिसलीगंज से एक और आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख कैश बरामद
गिरफ्तार आरोपी
बिहारशरीफ में बीज व्यापारी के घर हुई सवा करोड़ की डकैती मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता राजेश झा उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है. एक लाख रुपये भी बरामद हुए.
बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित देवीसराय मोहल्ले में हुए चर्चित सवा करोड़ रुपये की डकैती कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. नवादा जिले के वारिसलीगंज से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से एक लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं. इस गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल छह बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं, जबकि कई अब भी फरार हैं.
वारिसलीगंज से दबोचा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवादा जिले के जोरारपुर गांव निवासी राजेश झा उर्फ लंगड़ा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह इस पूरे डकैती कांड में अहम भूमिका निभा रहा था. बताया जा रहा है कि वह मुख्य सरगना अजीत सिंह का करीबी सहयोगी है और साजिश रचने में उसका बड़ा हाथ रहा है.
सरगना के साथ मिलकर रची गई थी योजना
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अजीत सिंह और राजेश झा ने मिलकर डकैती की पूरी प्लानिंग की थी. गिरोह में शामिल एक वाहन चालक, जो नवादा का रहने वाला है, उसने व्यापारी के घर और वहां मौजूद संपत्ति की पूरी जानकारी इन तक पहुंचाई थी. इसके बाद बदमाशों ने रेकी कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया.
अब तक छह बदमाश गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी थी. अब राजेश झा की गिरफ्तारी के बाद यह संख्या बढ़कर छह हो गई है. पुलिस लगातार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि फरार बदमाशों का सुराग मिल सके.
15 बदमाशों की संलिप्तता आई सामने
पुलिस अधीक्षक ने पहले ही खुलासा किया था कि इस डकैती में कुल 15 बदमाश शामिल थे. ऐसे में अभी भी नौ अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं.
बरामद रकम की हो रही जांच
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि राजेश झा से गहन पूछताछ की जा रही है. उसके पास से बरामद एक लाख रुपये के स्रोत की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह रकम डकैती की लूट से जुड़ी है या नहीं.
फरार बदमाशों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस पूरे कांड का पूरी तरह खुलासा हो जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










