बिहारशरीफ में खेत में काम कर रहे किसान पर गिरा ठनका, अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

मॉडल सदर अस्पताल में खींची गई तस्वीर
Nalanda Lightning Death : नालंदा जिले के करायपरसुराय में धान की रोपाई की तैयारी कर रहे एक 60 वर्षीय किसान की ठनका गिरने से मौत हो गई. इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है.
Nalanda Lightning Death : नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र स्थित बेरमा गांव में गुरुवार को ठनका गिरने से एक 60 वर्षीय वृद्ध किसान की मौत हो गई. इस अचानक हुई प्राकृतिक आपदा से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
धान की रोपाई के लिए पगडंडी ठीक कर रहे थे किसान
मृतक किसान की पहचान स्वर्गीय लीलधारी पासवान के 60 वर्षीय पुत्र सोहन पासवान के रूप में हुई है. मृतक के पोते राजीव कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोहन पासवान गांव के गौढ़ा खंधा स्थित अपने खेत में काम कर रहे थे. वे धान की रोपाई की तैयारी के लिए खेत की पगडंडी (आरी) ठीक कर रहे थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जना के साथ उन पर ठनका गिर गया, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए.
पटना ले जाने के दौरान रास्ते में टूटी सांस
घटना के तुरंत बाद आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने आनन-फानन में झुलसे किसान को इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. हालांकि, पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
किसान की मौत की सूचना मिलते ही करायपरसुराय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. थाना अध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : बिहारशरीफ : जिला स्तरीय कार्यक्रम में दिखेगी विकास योजनाओं की झलक, 25 जुलाई को होगा आयोजन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










