राजगीर में मलमास मेला से लौट रहे परिवार को बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा, वृद्ध की मौके पर मौत, 4 गंभीर
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 28 May 2026 4:36 PM
क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा
Nalanda News: राजगीर के नालंदा विश्वविद्यालय बाईपास रोड पर नोनही मोड़ के पास गुरुवार सुबह बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी. हादसे में मलमास मेला देखकर लौट रहे खुदागंज के मैदी कला निवासी 65 वर्षीय कृष्णा प्रसाद चौरसिया की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्यों और चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है और राजगीर थाना पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है.
Nalanda News (रामविलास): धर्मनगरी राजगीर में गुरुवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है. राजकीय मलमास मेला घूमकर और स्नान कर लौट रहे एक ही परिवार के लोगों से भरे ई-रिक्शा को एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बेरहमी से रौंद दिया. इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा पर सवार महिलाओं समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह चकनाचूर हो गया. घटना के बाद नालंदा विश्वविद्यालय बाईपास रोड स्थित नोनही मोड़ के पास चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
बेटी-दामाद के घर जा रहा था परिवार, नवनिर्मित पुल के पास हुआ हादसा
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान खुदागंज थाना क्षेत्र के मैदी कला गांव निवासी 65 वर्षीय कृष्णा प्रसाद चौरसिया के रूप में की गई है. पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वे अपने पूरे परिवार के साथ राजगीर मलमास मेला में आस्था की डुबकी लगाने और घूमने आए थे. गुरुवार सुबह वे ई-रिक्शा पर सवार होकर अपनी बेटी और दामाद प्रदीप कुमार चौरसिया के पैतृक गांव नोनही जा रहे थे. इसी दौरान जैसे ही ई-रिक्शा विश्वविद्यालय बाईपास रोड पर नवनिर्मित पुल के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में सीधी और जोरदार टक्कर मार दी.
पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए घायल, सिलाव की ओर भागा ट्रैक्टर चालक
टक्कर के बाद ई-रिक्शा में सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे. इस हादसे में सविता देवी, उषा देवी, आनंद कुमार तथा ई-रिक्शा का अज्ञात चालक गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए. स्थानीय राहगीरों और सूचना पर पहुंची राजगीर थाना पुलिस की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (VIMS) रेफर कर दिया है. वहीं, अस्पताल के चिकित्सकों ने कृष्णा प्रसाद चौरसिया को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भिड़ंत इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर की तेल की टंकी भी फट गई और सड़क पर डीजल का रिसाव होने लगा. हादसे को अंजाम देने के बाद चालक ट्रैक्टर सहित सिलाव की ओर तेजी से फरार हो गया.
पुलिस का वक्तव्य: घटना के संबंध में जानकारी देते हुए राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है, जिसे प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की शिनाख्त और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इधर, हादसे के बाद से मृतक के पैतृक गांव मैदी कला और बेटी के ससुराल नोनही में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










