नालंदा में आफत की बिजली: वज्रपात की चपेट में आने से युवक की मौत, पीड़ित परिवार को मिली 4 लाख की आर्थिक मदद

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 23 May 2026 3:53 PM

विज्ञापन

मृतक राकेश कुमार यादव की पत्नी को अनुग्रह राशि का चेक देते राजगीर सीओ

Nalanda News: नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम को राजकीय डिग्री कॉलेज के पास वज्रपात होने से पंडितपुर निवासी 35 वर्षीय राकेश कुमार यादव की मौत हो गई. वह मवेशी लेकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और 3 बच्चे अनाथ हो गए. जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर राजगीर सीओ अनुज कुमार ने शुक्रवार की रात ही मृतक की पत्नी बबीता देवी को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंप दिया है.

विज्ञापन

Nalanda News(रामविलास): शुक्रवार की शाम आए तेज अंधड़, कड़कती बिजली और मूसलाधार बारिश के दौरान राजगीर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया. प्रकृति के इस कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं. तेज गर्जना के साथ हुए भीषण वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से पंडितपुर गांव निवासी बद्री यादव के 35 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई. यह दुखद घटना राजकीय डिग्री कॉलेज के समीप घटित हुई. इस आपदा के बाद जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है.

मवेशी लेकर घर लौटने के दौरान हुआ हादसा, मौके पर ही थमीं सांसें

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों और ग्रामीण गोलू यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि राकेश कुमार यादव शुक्रवार की शाम को अपने मवेशियों को चराकर घर वापस लौट रहे थे. इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया और आसमान में तेज कड़कड़ाहट होने लगी. राकेश अभी राजकीय डिग्री कॉलेज के पास ही पहुंचे थे कि अचानक उनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वज्रपात का झटका इतना जोरदार था कि राकेश कुमार यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

3 मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों में चीख-पुकार

राकेश की असमय मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया. मृतक अपने पीछे पत्नी और 3 छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गया है. पति की मौत के बाद पत्नी बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बदहवास हो रही है. इस दुखद हादसे के बाद से पूरे पंडितपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, और आस-पास के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं.

DM के निर्देश पर CO ने रात में ही घर जाकर सौंपा 4 लाख का चेक

घटना की सूचना मिलते ही नालंदा जिला प्रशासन तुरंत एक्शन में आया. जिला पदाधिकारी (DM) कुंदन कुमार के सख्त निर्देश पर राजगीर के अंचल अधिकारी (CO) अनुज कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया. अंचल अधिकारी ने शुक्रवार की रात में ही मृतक के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के तहत मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत मृतक की पत्नी बबीता देवी को 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक प्रदान किया. इसके साथ ही अंचल अधिकारी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ खड़ा है और भविष्य में भी हरसंभव सरकारी सहायता दी जाएगी.

Also Read: बिहार में अब बदमाशों की खैर नहीं, 428 अपराधियों की संपत्ति जब्त करेगी सरकार, 1433 की हुई है पहचान

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन