बिहार में अब बदमाशों की खैर नहीं, 428 अपराधियों की संपत्ति जब्त करेगी सरकार, 1433 की हुई है पहचान
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 23 May 2026 11:28 AM
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सुधांशु
Bihar News: बिहार पुलिस ने अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. 1433 अपराधियों की संपत्ति की पहचान की गई है और 428 मामलों में जब्ती की प्रक्रिया चल रही है. वहीं, गंभीर मामलों में 33 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं.
Bihar News: बिहार पुलिस ने अपराध और अवैध कमाई पर बड़ा शिकंजा कसते हुए कार्रवाई तेज कर दी है. राज्यभर में अब तक 1433 ऐसे अपराधियों की पहचान की गई है, जिनकी संपत्ति अपराध से अर्जित होने की आशंका है. इनमें से 428 मामलों में अदालत को संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जबकि 4 अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का आदेश भी जारी हो गया है. यह जानकारी एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सुधांशु कुमार ने पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
103 मामलों में चल रही संपत्ति जब्ती की कार्रवाई
एडीजी ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने के लिए फिलहाल 103 मामलों में कार्रवाई जारी है. पुलिस खासकर शराब कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों से कमाई गई संपत्ति पर नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि न तो अपराधियों की कोई जाति होती है और न ही पुलिस की.
गंभीर अपराधों में 33 हजार से ज्यादा गिरफ्तार
जनवरी से 15 मई 2026 के बीच बिहार पुलिस ने हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में 33,126 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही 676 लोगों के खिलाफ सीसीए (Criminal Control Act) लगाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है, जिनमें से 252 मामलों को मंजूरी भी मिल चुकी है. दो अपराधियों को अपने इलाके से बाहर रहने का आदेश दिया गया है.
अदालतों में सख्त कार्रवाई, हजारों को सजा
एडीजी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की निगरानी में अदालतों में समय पर गवाह और साक्ष्य पेश किए जा रहे हैं, जिससे मामलों का तेजी से निपटारा हो रहा है. जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच अदालतों ने 52,567 मामलों में 70,624 लोगों को सजा सुनाई है. इनमें दो अपराधियों को फांसी और 453 को आजीवन कारावास की सजा मिली है.
पुलिस पर हमले और हिंसा के मामलों में भी कार्रवाई
राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इस दौरान सांप्रदायिक हिंसा के 57, पुलिस पर हमले के 1065, भीड़ हिंसा के 4 और हर्ष फायरिंग के 20 मामलों में कुल 1146 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
अपराध पर सख्ती का बड़ा संदेश
बिहार पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त मुहिमों में से एक माना जा रहा है. लगातार गिरफ्तारी, संपत्ति जब्ती और सजा की कार्रवाई से अपराधियों पर दबाव बढ़ता दिख रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










