पटना में पुनपुन नदी किनारे बनेगी देश की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म सिटी, 1191 एकड़ में रामोजी की तर्ज पर होगा विकास; जानें क्या-क्या होगा खास...
पटना फिल्म सिटी सांकेतिक तस्वीर
बिहार के पाटलिपुत्र में 1191 एकड़ में देश की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म सिटी विकसित होने जा रही है. पुनपुन नदी के किनारे बनने वाली इस फिल्म सिटी का उद्देश्य बिहार को फिल्म निर्माण का हब बनाना है. रामोजी फिल्म सिटी की तर्ज पर विकसित इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाएं होंगी.
Patna Film City (आशुतोष टीक्षित की रिपोर्ट) : पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप अब फिल्मी दुनिया के नक्शे पर भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है. टाउनशिप में 1191 एकड़ क्षेत्र में फिल्म सिटी विकसित करने की योजना है. प्रस्तावित फिल्म सिटी क्षेत्रफल के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म सिटी होगी. पहले स्थान पर हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी है, जो करीब दो हजार एकड़ में फैली हुई है.
आपके शहर में
नगर विकास एवं आवास विभाग की योजना के अनुसार, पुनपुन नदी के किनारे फिल्म सिटी विकसित की जायेगी. इसका उद्देश्य बिहार को फिल्म उद्योग और शूटिंग के लिए बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करना है. यहां फिल्म निर्माण से जुड़ी प्री-प्रोडक्शन से लेकर शूटिंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है.
पुनपुन-दरधा संगम पर 272 एकड़ में विकसित होगी झील
फिल्म सिटी के साथ पुनपुन और दरधा नदी के संगम स्थल पर 272 एकड़ क्षेत्र में एक झील भी विकसित करने की योजना है. फिल्म निर्माण के दौरान नदी और झील के किनारे के प्राकृतिक दृश्यों का इस्तेमाल शूटिंग के लिए किया जा सकेगा. झील के आसपास हरित क्षेत्र भी विकसित किया जायेगा, जिससे जंगल और प्राकृतिक वातावरण से जुड़े दृश्यों के लिए भी शूटिंग लोकेशन उपलब्ध हो सके.
रामोजी फिल्म सिटी की तर्ज पर होगा विकास
प्रस्तावित फिल्म सिटी को हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के पास करीब एक हजार एकड़ में विकसित की जा रही फिल्म सिटी के मॉडल को भी योजना में अपनाया जा सकता है. पूरी योजना को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी कला एवं संस्कृति विभाग को दी जा सकती है.
25 बिलियन लीटर पानी स्टोर करने की क्षमता
फिल्म सिटी के पास प्रस्तावित झील टाउनशिप की खूबसूरती बढ़ाने के साथ पानी की जरूरत को पूरा करने में भी उपयोगी होगी. इसमें करीब 25 बिलियन लीटर पानी स्टोर किया जा सकेगा. झील को पुनपुन और दरधा नदी के साथ बारिश से भी पानी मिलेगा. इसके अलावा ग्राउंड वाटर रिचार्ज में भी झील की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
फिल्म सिटी में लग्जरी विला से लेकर पांच सितारा होटल तक
प्रस्तावित फिल्म सिटी और आसपास के क्षेत्र में रहने, मनोरंजन और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कई सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इसमें लग्जरी विला, जिम, गेस्ट हाउस, व्यावसायिक और खरीदारी क्षेत्र शामिल होंगे. फिल्म सिटी के पास गोल्फ कोर्स और मनोरंजन क्षेत्र भी प्रस्तावित है.
ठहरने और भोजन की सुविधा के लिए पांच सितारा होटल विकसित करने की भी योजना है. नोएडा फिल्म सिटी की तर्ज पर सिनेमा थीम आधारित मनोरंजन पार्क और वर्चुअल रियलिटी एडवेंचर पार्क भी विकसित किये जा सकते हैं.
फिल्म अकादमी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टूडियो होंगे
फिल्म सिटी में वैश्विक स्तर के फिल्म निर्माण के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जायेगा. यहां विश्वस्तरीय फिल्म निर्माण शिक्षा, अंतरराष्ट्रीय मानक के फिल्म निर्माण स्टूडियो और एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म अकादमी विकसित करने की योजना है.
इसके अलावा विभिन्न प्रकार के आउटडोर सेट तैयार किये जायेंगे, ताकि अलग-अलग लोकेशन और परिस्थितियों से जुड़े दृश्यों की शूटिंग एक ही परिसर में की जा सके. इससे बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक शूटिंग केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: पटना: पुनपुन नदी में नहाने के दौरान डूबा युवक, देर रात SDRF ने बरामद किया शव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए