नालंदा के हिलसा बाईपास पर ट्रक की चपेट में आने से भाई-बहन लहूलुहान, समाजसेवी ने अस्पताल में कराया भर्ती, हालत गंभीर
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 23 May 2026 8:58 PM
घायल को अस्पताल ले जाते लोग
Nalanda News: नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के पश्चिमी बाईपास स्थित कामता हॉल्ट के पास शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान बिहार रोड निवासी रंजन कुमार (27 वर्ष) और सोनम कुमारी (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बाइक से पटना जा रहे थे. हादसे के बाद स्थानीय समाजसेवी सुभाष बाबा ने पुलिस की मदद से दोनों को हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Nalanda News(संतोष कुमार पार्थ): हिलसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमी बाईपास पर शनिवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. कामता हॉल्ट के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को बेरहमी से रौंद दिया. इस भीषण सड़क हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. घटना के बाद चीख-पुकार मचते ही आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े.
पटना जाने के दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
सड़क दुर्घटना में घायल हुए भाई-बहन की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के ही बिहार रोड निवासी अशोक कुमार के 27 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार एवं संजय राम की 17 वर्षीय पुत्री सोनम कुमारी के रूप में की गई है.
अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी रंजन कुमार ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि मैं अपनी चचेरी बहन सोनम कुमारी को बाइक पर बैठाकर जरूरी काम से पटना जा रहा था. जैसे ही हमारी बाइक हिलसा शहर के पश्चिमी बाईपास स्थित कामता हॉल्ट के पास पहुंची, तभी सामने से (विपरीत दिशा से) आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने हमारी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि हम दोनों बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए.
समाजसेवी सुभाष बाबा ने पेश की मानवता की मिसाल, कराया अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद सड़क पर तड़प रहे भाई-बहन के लिए हिलसा के प्रख्यात समाजसेवी सुभाष बाबा देवदूत बनकर पहुंचे. उन्होंने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए स्थानीय नागरिकों और हिलसा थाना पुलिस के सहयोग से दोनों लहूलुहान भाई-बहन को अपनी देखरेख में उठाया. सुभाष बाबा ने बिना वक्त गंवाए दोनों को तुरंत हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों की टीम द्वारा दोनों का इलाज किया जा रहा है.
थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार का बयान: आवेदन मिलते ही होगी सख्त कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही हिलसा थाना पुलिस की टीम ने अस्पताल और दुर्घटनास्थल का मुआयना किया. मामले के संबंध में हिलसा थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सड़क हादसे की लिखित सूचना दे दी गई है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार की ओर से आधिकारिक आवेदन मिलते ही दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है और मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी है.
Also Read: बिहार में अब बदमाशों की खैर नहीं, 428 अपराधियों की संपत्ति जब्त करेगी सरकार, 1433 की हुई है पहचान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










