बिहारशरीफ में कलेक्शन कर लौट रहे सब्जी विक्रेता से सवा लाख की लूट, चार बदमाशों ने किया हमला

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन
सब्जी विक्रेता से सवा लाख की लूट

सब्जी विक्रेता से सवा लाख की लूट

Nalanda News: बिहारशरीफ के दीपनगर में कलेक्शन कर लौट रहे एक सब्जी विक्रेता पर चार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर सवा लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया. पीड़ित ने शराब केस में एक महिला की मदद करने की रंजिश में हमला होने का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

बिहारशरीफ से रणजीत सिंह की रिपोर्ट
Nalanda News: बिहारशरीफ शहर के दीपनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े लूटपाट और जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. तगादा (कलेक्शन) कर लौट रहे एक सब्जी विक्रेता को चार युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीटा और उनसे सवा लाख रुपये व मोबाइल लूट लिए. आज 29 जून 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे दीपनगर थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि कमरुद्दिनगंज (लहेरी) निवासी 48 वर्षीय संजय कुमार पर सूर्य मंदिर तालाब के पास तकिया पर जानलेवा हमला हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत एक टीम को सदर अस्पताल रवाना किया गया.

हेलमेट टूटकर पीड़ित की नाक में धंसा

अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से घायल सब्जी विक्रेता संजय कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे बाजार से पैसे कलेक्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी बीच जब वे सूर्य मंदिर तालाब के पास पहुंचे, तो वहां खड़े चार लड़कों ने उन्हें रुकने का इशारा किया. जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक धीमी की, वैसे ही एक युवक ने जान मारने की नीयत से उनके सिर पर भारी वस्तु से जोरदार वार कर दिया. घटना के वक्त वे हेलमेट पहने हुए थे जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन हमले के प्रभाव से हेलमेट का अगला हिस्सा बुरी तरह टूटकर उनकी नाक में धंस गया.

महिला की मदद करने की रंजिश में हमला

पीड़ित ने बताया कि बाइक से नीचे गिरते ही चारों बदमाशों ने उन्हें लाठी-डंडों से तब तक बेरहमी से पीटा जब तक वे लहूलुहान होकर बेहोश नहीं हो गए. काफी देर बाद जब उन्हें होश आया, तो उन्होंने पाया कि उनकी जेब में रखे सवा लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन गायब हैं. संजय के मुताबिक, वे हमलावरों में से दो सगे भाइयों सत्येंद्र पासवान और डील्तू पासवान (दोनों सिया चरण पासवान के पुत्र, निवासी तकिया पर) को अच्छी तरह पहचानते हैं. हमले का कारण बताते हुए पीड़ित ने कहा कि कुछ दिन पहले मिंटू देवी नाम की महिला को एक शराब केस में झूठा फंसाया गया था, जिसमें उन्होंने महिला की कानूनी मदद की थी. इसी पुरानी रंजिश को लेकर उन पर यह हमला किया गया.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए दीपनगर थाना अध्यक्ष पुलिस टीम के साथ तत्काल बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचे और घायल सब्जी विक्रेता का आधिकारिक फर्दबयान दर्ज किया. पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. इसके साथ ही वारदात में शामिल अन्य दो अज्ञात बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं. थाना अध्यक्ष ने दावा किया है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: राष्ट्रीय आम समागम में नालंदा के वीर अभिमन्यु सिंह का जलवा, ‘तेल वाला आम का अचार’ श्रेणी में जीता दूसरा पुरस्कार

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन