नालंदा शिक्षा विभाग में अचानक पहुंचे आरडीडीई, कार्यालय से स्कूल तक जांची व्यवस्था

Updated:
विज्ञापन
फोटो:- जिला शिक्षा कार्यालय का निरीक्षण करते आरडीडीई अमित कुमार  | Prabhat Khabar Network

जिला शिक्षा कार्यालय का निरीक्षण करते आरडीडीई अमित कुमार

आरडीडीई अमित कुमार ने नालंदा जिला शिक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और कर्मियों को कार्यों को अनावश्यक रूप से नहीं टालने का सख्त निर्देश दिया।

विज्ञापन

BiharSharif News : बिहारशरीफ में पटना प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) अमित कुमार ने बुधवार को नालंदा जिले के मध्य विद्यालय दौलाचक और जिला शिक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और कार्यालय के कामकाज की स्थिति की जानकारी ली.

मध्य विद्यालय दौलाचक में जांची गईं शैक्षणिक व्यवस्थाएं

आरडीडीई ने मध्य विद्यालय दौलाचक में छात्र-शिक्षक उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना का संचालन, विद्यालय भवन, उपस्कर, बुनियादी सुविधाओं और शैक्षणिक माहौल का गहन निरीक्षण किया. निरीक्षण के समय विद्यालय में पढ़ाई चल रही थी और शिक्षक अपने-अपने वर्ग कक्ष में छात्रों को पढ़ा रहे थे.

स्कूल की व्यवस्था से संतुष्ट दिखे आरडीडीई

विद्यालय निरीक्षण के बाद क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक अमित कुमार ने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था पर संतोष जताया. उन्होंने विद्यालय में बेहतर पठन-पाठन बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

जिला शिक्षा कार्यालय पहुंचते ही अधिकारियों में दिखी सक्रियता

मध्य विद्यालय दौलाचक के निरीक्षण के बाद दोपहर करीब 3:30 बजे आरडीडीई सीधे जिला शिक्षा कार्यालय नालंदा पहुंचे. उनके कार्यालय पहुंचते ही सभी संभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्य में सक्रिय नजर आए.

कार्यालय के कामकाज की हुई समीक्षा

आरडीडीई अमित कुमार ने जिला शिक्षा कार्यालय के विभिन्न संभागों का निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, दस्तावेजों और लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कार्यालय व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया.

लिपिकों की लॉग बुक और संचिकाओं की जांच

निरीक्षण के दौरान आरडीडीई ने कई लिपिकों के पास जाकर उनके कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने लिपिकों की लॉग बुक देखी और उसमें आवश्यक सुधार के निर्देश दिए.

विभिन्न संभागों में जाकर दस्तावेजों का किया अवलोकन

आरडीडीई सबसे पहले जिला शिक्षा कार्यालय के प्रथम तल पर स्थित कार्यालय अधीक्षक विपिन कुमार के कक्ष में पहुंचे. वहां उन्होंने विभिन्न संचिकाओं की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए. इसके बाद विधि संभाग, वेतन कोषांग सहित अन्य शाखाओं में जाकर दस्तावेजों का अवलोकन किया.

कार्यों को बेवजह लंबित नहीं रखने का दिया निर्देश

आरडीडीई अमित कुमार ने सभी लिपिकों को निर्देश दिया कि कार्यालय के कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए. उन्होंने कहा कि काम में देरी होने से लोगों में असंतोष बढ़ता है, इसलिए सभी कार्यों का समय पर निष्पादन जरूरी है.

जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ की बैठक

इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र भी कार्यालय में मौजूद रहे. आरडीडीई ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के कक्ष में कुछ समय तक सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.


विज्ञापन
Ujjwalanand Giri

लेखक के बारे में

By Ujjwalanand Giri

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन