मध्य विद्यालय बिंद से निकाली गयी जागरूकता रैली, शिक्षा, सम्मान व सुरक्षा का दिया गया संदेश

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता अभियान के तहत निकाली गयी रैली में शामिल छात्राएं.
बिंद प्रखंड में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत एक जागरूकता रैली निकाली गई. छात्रों, शिक्षकों और कर्मियों ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया. इस रैली का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था.
बिंद प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बिंद में शनिवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गयी. इसमें रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया. रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर कस्तूरबा गांधी विद्यालय, बाबा चौक, बस स्टैंड, बिंद बाजार से गुजरी और पुनः विद्यालय पहुंची.
बेटियों को समान अवसर देने के प्रति किया जागरूक
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी है तो कल है तथा शिक्षित बेटी, सशक्त समाज जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. राहगीरों और स्थानीय लोगों ने भी रैली की सराहना की. इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि बेटियों को समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देने की अपील की.
शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित बेटी ही सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की नींव होती है. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा शिक्षा के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जफरुद्दीन, रविकांत गुप्ता, रंजीत कुमार, आनंद कुमार, जितेंद्र कुमार सहित विद्यालय के कई शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










