इस्लामपुर में निवर्तमान BDO संजय कुमार को दी गई भावभीनी विदाई, कार्यशैली और ईमानदारी की हुई जमकर तारीफ

Islampur BDO Farewell : इस्लामपुर प्रखंड मुख्यालय में निवर्तमान बीडीओ संजय कुमार के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया. जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने उनकी ईमानदारी और कार्यशैली की प्रशंसा की. अपने कार्यकाल के दौरान विकास के अधूरे ब्लूप्रिंट पर भी बीडीओ ने चिंता व्यक्त की.
Islampur BDO Farewell : नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान सभागार में निवर्तमान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) संजय कुमार के सम्मान में एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. प्रखंड के जनप्रतिनिधियों और अंचल कार्यालय के कर्मचारियों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी. इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल, ईमानदारी और कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की.
ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की छवि
समारोह को संबोधित करते हुए नवपदस्थापित अंचलाधिकारी शशिकांत शुक्ला ने कहा कि चंद दिनों की मुलाकात में ही संजय कुमार ने अपने व्यवहार और सरकारी कार्यशैली के जिन गुरों से अवगत कराया है, वह सदैव याद रहेंगे. वहीं, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष और इचहोस पंचायत के मुखिया युगेश्वर सिंह ने कहा, "मैंने अपने जीवन में कई पदाधिकारियों का तबादला देखा है, लेकिन संजय कुमार जैसा ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ, गरीबों की बात सुनने वाला और ड्यूटी के दौरान मुख्यालय में रहने वाला पहला पदाधिकारी देखा."
गरीबों की समस्या सुलझाने में रहे तत्पर
प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि और राजद नेता मिथलेश यादव ने बीडीओ संजय कुमार के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि दूर-दराज से आए गरीबों की समस्याओं का तुरंत समाधान करना उनकी सबसे बड़ी खूबी थी. जनप्रतिनिधियों के साथ धैर्य बनाए रखना और कार्यालय कर्मियों को सही दिशा-निर्देश देना उनके बेहतरीन प्रशासनिक कौशल को दर्शाता है.
बुद्ध की प्रतिमा और अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित
वरीय शिक्षक गजेन्द्र मोहन के संचालन में आयोजित इस समारोह में निवर्तमान बीडीओ को बुके, भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा, अंगवस्त्र, कलम-डायरी और ढेरों उपहार देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अमित कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सिंटू कुमार, पूर्व मुखिया अनिल सिंह, भाकपा माले के अंचल सचिव उमेश पासवान, प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुचित कुमार और प्रखंड नाजिर कुन्दन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
'अधूरा रह गया विकास का ब्लूप्रिंट' - संजय कुमार
विदाई समारोह में भावुक हुए निवर्तमान बीडीओ संजय कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, "मैंने अपने कार्यकाल में हमेशा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि मेरी वाणी या व्यवहार से किसी को परेशानी न हो. मैंने इस्लामपुर के विकास के लिए एक विशेष मैप (ब्लूप्रिंट) तैयार किया था, जो अधूरा रह गया." उन्होंने उम्मीद जताई कि नए पदाधिकारी गरीबों की समस्याओं को प्राथमिकता देंगे और जनप्रतिनिधियों के साथ मित्रवत संबंध रखते हुए प्रखंड के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










