Bihar Weather Monsoon Update : बिहार से यूपी की ओर बढ़ गया मानसून, पर कुछ जिलों को अब भी है बारिश का इंतजार

Updated at : 26 Jun 2023 8:52 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar Weather Monsoon Update : बिहार से यूपी की ओर बढ़ गया मानसून, पर कुछ जिलों को अब भी है बारिश का इंतजार

मानसून अब बिहार से आगे उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ चला है. राजधानी पटना सहित पूरे प्रदेश में मानसून का असर दिखने लगा है, लेकिन कई जिलों को अब भी झमाझम बारिश का इंतजार है. उन जिलों को अभी और इंतजार करना होगा.

विज्ञापन

पटना/भागलपुर. मानसून अब बिहार से आगे उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ चला है. राजधानी पटना सहित पूरे प्रदेश में मानसून का असर दिखने लगा है, लेकिन कई जिलों को अब भी झमाझम बारिश का इंतजार है. उन जिलों को अभी और इंतजार करना होगा. वैसे मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश तो कुछ जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जतायी है. मौसम विभाग ने पूरे बिहार के लिए वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को सजग रहने को कहा गया है.

पूर्वी बिहार में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में राजधानी पटना समेत बिहार के ज्यादातर जिलों में हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है. लेकिन, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलें के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा है कि पूरे बिहार में फिलहाल जोरदार बारिश के लिए इंतजार करना होगा. जुलाई के पहले सप्ताह में ही पूरे प्रदेश में मानसून की जोरदार बारिश होने के आसार है, लेकिन उस समय भी दक्षिण बिहार में उत्तर बिहार की तुलना में कम बारिश होने की संभावना है.

भागलपुर में कल हो सकती है हल्की बारिश

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा पदाधिकारी डा. सुनील कुमार ने कहा कि 27 से ‍30 जून के बीच भागलपुर में आसमान में हल्के बादल छाये रह सकते हैं. 27 से 28 जून के बीच हल्की बारिश तथा 29 से 30 जून के बीच मध्यम बारिश की संभावना है. इस दौरान पूवी॑ हवा चलने की संभावना है. हवा की औसत गति 20 से 28 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. तापमान सामान्य रहेगा. किसान भाइयों को सलाह दी जाती है कि इस दौरान सिंचाई रोक सकते हैं. मध्यम अवधि वाले धान की किस्मों की पौधशाला लगाना बेहतर रहेगा.

सुखाड़ के आसार

वैसे धान की बुआई के समय एक बार फिर बारिश ने किसानों को दगा दे दिया है. 26 जून तक बिहार में समान्य से 78 प्रतिशत कम बारिश हुई है. 26 जून तक बिहार में 122.8 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिये थी, लेकिन सिर्फ 27.6 मिलीमीटर ही हुई है.वैसे राज्य में मॉनसून के प्रवेश कर जाने से तापमान में गिरावट हुई है. इससे लोगों को राहत मिली है. मौसम विभाग ने बताया है कि सोमवार को पटना सहित बिहार के 25 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट हुई. हालांकि चार जिलों में तापमान बढ़ा है. आज बिहार के सिवान के जीरादेई में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज हुआ है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन