बिहार में अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी, बढ़ा लू का खतरा- मौसम विभाग का येलो अलर्ट

Published by :Pratyush Prashant
Published at :14 Apr 2026 7:31 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Weather 14 April 2026

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Weather: बिहार में गर्मी ने समय से पहले ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. अप्रैल में ही तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं. 18 अप्रैल से कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है.

विज्ञापन

Bihar Weather: बिहार के आसमान से अब राहत की बूंदें नहीं, बल्कि अंगारे बरसने वाले हैं. डेहरी में पारा जिस रफ्तार से चढ़ा है, उसने पूरे प्रदेश के माथे पर पसीना ला दिया है. रोहतास का यह इलाका इस वक्त 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है.

IMD के अनुसार 18 अप्रैल से शुरू होने वाली है पछुआ हवाएं लू का रूप धारण कर राज्य के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लेंगी.

डेहरी बना सबसे गर्म शहर

सोमवार का दिन बिहार के लिए चेतावनी लेकर आया. जब लोग दफ्तरों और कामों के लिए बाहर निकले, तो उन्हें चिलचिलाती धूप ने झुलसा दिया. डेहरी 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म केंद्र रहा, लेकिन चिंता की बात यह है कि अगले चार दिनों में इसमें 4 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है.

बिहार के कई शहर बहुत जल्द 42 से 43 डिग्री के क्लब में शामिल होने वाले हैं. नमी गायब है और शुष्क हवाओं ने त्वचा को जलाना शुरू कर दिया है. पश्चिम चंपारण का वाल्मीकि नगर जरूर अपेक्षाकृत ठंडा रहा, लेकिन प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दोपहर की धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है. पछुआ हवाएं इस गर्मी को और तेज कर रही हैं.

18 अप्रैल से चलेगी जानलेवा लू

मौसम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि 17 अप्रैल तक बारिश का दूर-दराज तक कोई नामोनिशान नहीं है. असली चुनौती 18 अप्रैल से शुरू होगी, जिसके लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. दक्षिण और मध्य बिहार के बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और नवादा जैसे जिलों में तापमान का ग्राफ तेजी से ऊपर जाएगा.

राजधानी पटना में भी दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरने के आसार हैं क्योंकि गर्म पछुआ हवाएं लोगों को बीमार करने के लिए काफी होंगी. रातें भी अब सुकून भरी नहीं रहेंगी क्योंकि न्यूनतम तापमान में भी 3 डिग्री तक का उछाल आने की संभावना है.

सुबह सात बजे से ही सूरज के तेवर

अब वो दिन लद गए जब सुबह 10 बजे तक धूप मीठी लगती थी. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अब सुबह 7 बजे से ही सूरज की किरणें सीधा वार करना शुरू कर देंगी. दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक का समय सबसे घातक बताया जा रहा है. इस दौरान हीट स्ट्रोक का खतरा सबसे अधिक होता है.

डॉक्टरों और विशेषज्ञों का कहना है कि खाली पेट घर से निकलना इस मौसम में खुद को मुसीबत में डालने जैसा है. जितना हो सके लिक्विड फूड का सेवन करें और अपने सिर को ढक कर ही बाहर कदम रखें. बिहार में गर्मी का यह रौद्र रूप फिलहाल थमने वाला नहीं है, इसलिए खुद को सुरक्षित रखना ही इस मौसम की सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए.

Also Read: नीतीश कुमार ने किया एक्सप्रेस-वे निरीक्षण, पटना से बेतिया सिर्फ तीन घंटे में पहुंचेंगे लोग

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन