आज बिहार के 12 जिलों में ओला गिरने का खतरा, 60km/h की तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट

Updated at : 08 Apr 2026 7:31 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Weather Alert

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Weather Alert : बिहार में आज 8 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. है. IMD ने खासतौर पर उत्तर बिहार के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवाओं के साथ ओला गिरने की उम्मीद जताई गई है.

विज्ञापन

Bihar Weather Alert : बिहार में चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच अचानक छाए बादलों ने राहत पैदा कर दिया है. IMD ने आज यानी बुधवार को उत्तर बिहार के 12 जिलों के लिए ओला गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

आसमान से बरसने वाली बिजली और बर्फ के गोले किसानों की चिंता बढ़ा रहे हैं, वहीं 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली धूल भरी आंधी जनजीवन को अस्त-व्यस्त करने के लिए तैयार है.

बुधवार का दिन उत्तर बिहार और सीमांचल के इलाकों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की प्रबल संभावना है.

सीमांचल के जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट तो आएगी लेकिन बिजली गिरना का खतरा भी बना रहेगा. प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है.

धूप और छांव का कन्फ्यूजन

बीते 24 घंटों में बिहार के मौसम ने लोगों को बुरी तरह उलझा कर रखा. मंगलवार को जहां तीखी धूप ने पसीने छुड़ा दिए और कैमूर जैसे जिलों में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया, वहीं रात होते-होते ठंडी हवाओं और बादलों ने दस्तक दे दी.

पटना में भी गर्मी ने बेहाल किया, लेकिन आज यहां भी धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. दक्षिण बिहार के जिलों जैसे गया, औरंगाबाद और रोहतास में भी तेज हवाओं का असर दिखेगा, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है.

10 अप्रैल से 40 डिग्री पार जाएगा पारा

मौसम विभाग का कहना है कि आंधी-बारिश का यह दौर गुरुवार तक रुक-रुक कर जारी रहेगा, लेकिन 10 अप्रैल से आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा. इसके बाद पछुआ हवाएं फिर से सक्रिय होंगी और लू जैसे हालात बनने लगेंगे.

अनुमान है कि इस हफ्ते के अंत तक बिहार के कई शहरों का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 9 अप्रैल को भी कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश का असर देखने को मिलेगा.
Also Read: बिहार के इस जिले में बनेगा हाईटेक स्टेडियम, बनेगा टेरेस हेलीपैड और ग्लास ब्रिज

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन