अपहरण के कुछ घंटों में ही हुई बंटी की हत्या, पांच दिन तक तलाशती रही SIT, जानिए कैसे खुला राज

Updated:
विज्ञापन

बालू में दफन बंटी का शव

Patna Kidnapping Case: पटना के न्यू मार्केट से अगवा हुए कारोबारी बंटी कुमार की हत्या अपहरण वाले दिन ही कर दी गई थी. पांच दिनों की तलाश के बाद, लगातार हुई बारिश ने एक गड्ढे में दफन उनके शव का राज खोल दिया.

विज्ञापन

Patna Kidnapping Case : पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित न्यू मार्केट इलाके से 6 जुलाई की रात अगवा किए गए कारोबारी बंटी कुमार की हत्या अपहरण वाले दिन ही कर दी गई थी. पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) पांच दिनों तक उनकी तलाश करती रही. आखिरकार लगातार हुई बारिश ने उस राज से पर्दा उठा दिया, जिसे आरोपियों ने बालू में दफन कर छिपाने की कोशिश की थी.

अथमलगोला में मिला सड़ा-गला शव

शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे एक गड्ढे से बंटी कुमार का सड़ा-गला शव बरामद किया गया. शव की हालत बेहद खराब थी. चेहरे का बड़ा हिस्सा और एक हाथ गल चुका था, जबकि सिर मिट्टी में दबा हुआ मिला. शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर था.

कलावा और कड़े से हुई पहचान

शव की पहचान परिजनों ने हाथ में बंधे कलावा, कड़ा और पैर में लगी रॉड के आधार पर की. पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए, ताकि हत्या से जुड़े अहम सुराग मिल सकें.

शरीर पर मिले कई चोटों के निशान

प्रारंभिक जांच में बंटी कुमार के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. आशंका है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की. जब वह अधमरी हालत में पहुंच गए, तब गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को अथमलगोला के सूर्यपुरा गांव के पास गड्ढे में डालकर बालू और पत्तों से ढंक दिया गया.

पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि बंटी को अथमलगोला ले जाकर प्रताड़ित किया गया और अधमरी हालत में ही दफना दिया गया हो.

बारिश बनी हत्या का सबसे बड़ा गवाह

पिछले दो दिनों में हुई बारिश के कारण गड्ढे में डाली गई बालू और पत्तियां हट गईं. इससे शव का कुछ हिस्सा बाहर दिखाई देने लगा. भैंस चरा रहे एक युवक की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस और बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण मौके पर पहुंचे. जांच के बाद परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान बंटी कुमार के रूप में की.

मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

बंटी कुमार के परिजनों ने 7 जुलाई को रवीश, रोहित, एक किन्नर सहित सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने अब तक कच्ची दरगाह निवासी रितेश कुमार, रवीश के भाई बजरंगी और ऑटो चालक रोहित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

हालांकि परिजनों का आरोप है कि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी रवीश अभी भी फरार है और पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई है.

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस इस सनसनीखेज अपहरण और हत्या मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है.

ALSO READ: BPSC 72वीं परीक्षा में बदले नियम, अब हर 15 मिनट में होगी CCTV जांच, जानिए नई व्यवस्था


विज्ञापन
करुणा तिवारी

लेखक के बारे में

By करुणा तिवारी

करुणा तिवारी पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इनके पास टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में अनुभव हैं. वर्तमान में करुणा तिवारी प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं.

डिजिटल पत्रकारिता में SEO-फ्रेंडली कंटेंट के अनुरूप समाचार लेखन और पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए आकर्षक एवं उपयोगी कंटेंट लिखती है. वे समाचारों के लिए प्रभावशाली हेडलाइन, सटीक सबहेडिंग और पाठकों की जरूरत के अनुरूप सरल एवं स्पष्ट भाषा का उपयोग करती हैं. समयबद्धता, तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता उनके कार्य की प्रमुख विशेषताएं हैं.

इन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों पर काम करना पसंद है. चुनावी गतिविधियों, सरकारी योजनाओं, स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी नजर रहती है. उनका मानना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज को सही, संतुलित और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराना भी है.

लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने की सोच के साथ करुणा तिवारी आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता की नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाते हुए पाठकों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय कंटेंट पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन