बिहार के 97 लाख पेंशनभोगियों के खाते में आए 1100 रुपये, जानें कब आएगी अगली किस्त?

Updated:
विज्ञापन
बिहार सीएम सम्राट चौधरी

बिहार सीएम सम्राट चौधरी

Bihar Social Security Pension: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 97.84 लाख लाभार्थियों के खाते में डीबीटी के जरिए 1100 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी है. पहले इस योजना में सिर्फ 400 रुपये मिलते थे. अब हर महीने की 10 तारीख को यह बढ़ी हुई राशि नियमित रूप से सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी.

विज्ञापन

Bihar Social Security Pension: बिहार सरकार की कल्याणकारी योजना सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत शुक्रवार का दिन लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने राज्य के 97.84 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 1100 रुपये की सम्मान राशि ट्रांसफर कर दी है. यह पूरा लेन-देन डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी (DBT) के माध्यम से बिना किसी बिचौलिये के सीधे पेंशनधारियों के खाते में किया गया है. बैंक खाते में पैसे आने का मैसेज मिलते ही बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई. सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के इस फैसले को ऐतिहासिक और बेहद मददगार बताया है.

पहले मिलते थे मात्र 400 रुपये, अब हर महीने की 10 तारीख को बैंक खाते में आ जाएगी राशि

पेंशन पाने वाले लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले तक इस योजना के जरिए उन्हें हर महीने सिर्फ 400 रुपये ही दिए जाते थे. बढ़ती महंगाई के इस दौर में 400 रुपये की यह रकम बेहद कम थी, जिससे रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा था. अब सरकार ने इसे बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया है, जो जरूरतमंदों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है. इसके साथ ही सरकार ने एक और बड़ा नियम तय किया है कि अब हर महीने की 10 तारीख को यह पैसा नियमित (Regular) तौर पर लाभार्थियों के खाते में पहुंच जाएगा. समय पर पैसा मिलने से लोग महीने की शुरुआत में ही अपने जरूरी काम बिना किसी परेशानी के पूरे कर सकेंगे.

बड़ी पटन देवी कॉलोनी की चंदो देवी बोलीं- दवाई और घर के खर्च में मुख्यमंत्री के फैसले से मिलेगी बड़ी राहत

बढ़ते हुए खर्चों के बीच मुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए राजधानी पटना की बड़ी पटन देवी कॉलोनी में रहने वाली लाभार्थी चंदो देवी ने अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि इस उम्र में आकर शरीर साथ नहीं देता और दवाइयों का खर्च लगातार बढ़ता जाता है. ऐसे में बैंक अकाउंट में एक साथ 1100 रुपये मिलने से उन्हें बुढ़ापे में बहुत बड़ा सहारा मिला है. घर के छोटे-मोटे खर्चों और अपनी दवाओं के लिए अब उन्हें किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा. उन्होंने इस संवेदनशील फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पटना सिटी की मंजू देवी और चाय टोला के अरविंद दास ने कहा- अब आसान होगा मध्यमवर्गीय परिवारों का गुजारा

पटना सिटी की रहने वाली एक अन्य लाभार्थी मंजू देवी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले मिलने वाले 400 रुपये से घर चलाना एक बड़ी चुनौती थी. हर काम के लिए पैसों की तंगी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब 1100 रुपये मिलने से उनके कई अटके हुए काम आसानी से पूरे हो जाएंगे. वहीं चाय टोला के रहने वाले अरविंद कुमार दास ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की इस संयुक्त पेंशन योजना से समाज के सबसे निचले और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधा फायदा पहुंच रहा है. ₹1100 की यह राशि गरीब परिवारों को सम्मान से जीवन जीने में मदद करेगी.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद से पटना के नौबतपुर तक सड़क होगी फोरलेन, इन जगहों पर बनेंगे बाइपास, ट्रैफिक होगा कम


विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन