बिहार के इन 4 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, IMD ने सभी जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून फिर एक्टिव हो गया है. मौसम विभाग ने आज सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि पटना समेत कई जिलों में येलो अलर्ट है.

विज्ञापन

Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने रविवार को भी सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पटना समेत 34 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. हालांकि, कुछ जिलों में बारिश के बीच धूप निकलने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

IMD पटना ने ट्वीट कर दी जानकारी
IMD पटना ने ट्वीट कर दी जानकारी

बिहार में अब भी 46% बारिश की कमी

इस मानसून सीजन में 1 जून से 11 जुलाई तक बिहार में 155.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है. जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 288.5 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. यानी प्रदेश में अभी भी 46 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है.

मानसून के एक्टिव होने के बाद कई जिलों में अच्छी बारिश हो रही है. इससे आने वाले दिनों में बारिश की कमी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है.

कई जिलों में बारिश के बाद जलजमाव

बीते 24 घंटे में पटना समेत 15 जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई. बांका, बक्सर, खगड़िया, किशनगंज, मधुबनी और जहानाबाद समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे.

बारिश के बाद कई शहरों में जलजमाव की समस्या सामने आई. दरभंगा में नगर निगम कार्यालय, टाउन हॉल रोड, DMCH परिसर और मेडिसिन वार्ड तक पानी पहुंच गया. इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हुई.

बेगूसराय के कई इलाकों में सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया. वहीं पटना के मोकामा रेफरल अस्पताल में बारिश का पानी वार्ड तक पहुंच गया. इसके चलते OPD, दवा वितरण केंद्र और रजिस्ट्रेशन काउंटर प्रभावित हुए.

पटना में सचिवालय से अस्पताल तक पानी

पटना में भी बारिश का असर देखने को मिला. मुख्य सचिवालय परिसर में पानी भर गया. राजवंशी नगर स्थित LNJP अस्पताल में भी जलजमाव की स्थिति बनी रही. डॉक्टरों के चेंबर तक पानी पहुंचने की बात सामने आई है.

इसके अलावा राजीव नगर और पटना सिटी के कई इलाकों में घुटने तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई.

कैमूर रहा सबसे गर्म जिला

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बिहार के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सक्रिय रहीं. इस दौरान कैमूर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं मुजफ्फरपुर में न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

इन जिलों में अच्छी बारिश, यहां अब भी कमी

मौसम विभाग के अनुसार पटना, खगड़िया, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका और कटिहार में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. वहीं मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गया, जमुई, औरंगाबाद और सीवान में अभी भी बारिश की कमी बनी हुई है.

13 जुलाई को इन जिलों में बारिश और बिजली का अलर्ट

13 जुलाई को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

Also Read: BPSC 72वीं परीक्षा में बदले नियम, अब हर 15 मिनट में होगी CCTV जांच, जानिए नई व्यवस्था



विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन