अगस्त से गंगा में दौड़ेगी वाटर मेट्रो, पटना को मिलेगा नये सफर का अनुभव, जानिए रूट से लेकर किराए तक सबकुछ
सांकेतिक तस्वीर
Patna Water Metro: पटना में गंगा के रास्ते सफर का नया विकल्प मिलने जा रहा है. अगस्त से दीघा घाट से कंगन घाट के बीच वाटर मेट्रो सेवा शुरू होगी. 15 किलोमीटर के इस रूट पर हाईटेक सुविधाओं से लैस बोट चलेंगी.
Patna Water Metro: पटना के लोगों को नई सौगात मिलने जा रही है. अगस्त महीने से गंगा नदी में वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की देखरेख में शुरू होने वाली इस सेवा से लोगों को सड़क जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही गंगा की सैर का एक नया और खास अनुभव भी मिलेगा.
वाटर मेट्रो का पहला रूट दीघा घाट से कंगन घाट के बीच होगा. करीब 15 किलोमीटर लंबे इस रूट पर आधुनिक सुविधाओं से लैस मेट्रो बोट का संचालन किया जाएगा. एक बार में करीब 100 पर्यटक इसमें सफर कर सकेंगे.
चार जगहों पर तैयार हो रहे बोर्डिंग स्टेशन
यात्रियों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने गंगा किनारे चार प्रमुख जगहों पर आधुनिक फ्लोटिंग जेटी तैयार की हैं. इनमें दीघा घाट, गांधी घाट, गायघाट और कंगन घाट शामिल हैं. यात्री इन्हीं स्टेशनों से वाटर मेट्रो में चढ़ और उतर सकेंगे.
इसके बाद दीघा और सोनपुर के बीच भी मेट्रो बोट चलाने की योजना है. इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ गंगा किनारे बसे इलाकों के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी.
मोबाइल ऐप से होगी टिकट बुकिंग
वाटर मेट्रो की टिकट बुकिंग के लिए जल्द ही मोबाइल ऐप और वेबसाइट पोर्टल लॉन्च किया जाएगा. इसके जरिए लोग घर बैठे ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे.
जानकारी के मुताबिक, वाटर मेट्रो का किराया 50 से 100 रुपये के बीच रहने की संभावना है. यह सेवा सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
हाईटेक सुविधाओं से लैस होगी मेट्रो बोट
वाटर मेट्रो को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाया गया है. इसमें एयर कंडीशनिंग की सुविधा होगी. गांधी घाट पर मेट्रो बोट को तेजी से चार्ज करने के लिए सुपर चार्जर भी लगाया जाएगा. इससे महज 10 से 15 मिनट में बोट चार्ज हो सकेगी.
सुरक्षा के लिए ऑटोमेटिक लोकेशन सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की सुविधा होगी. बोट की लगातार निगरानी रिमोट सिस्टम से की जाएगी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 3 से 4 रेस्क्यू बोट भी तैनात रहेंगी.
पर्यटकों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा
वाटर मेट्रो के संचालन को लेकर बिहार राज्य पर्यटन निगम और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से प्रक्रिया जारी है.
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि जल्द ही पटना आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को गंगा में विश्वस्तरीय वाटर मेट्रो की सुविधा मिलेगी. इससे पटना के पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.
Also Read: बिहार के इन 4 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, IMD ने सभी जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










