TRE-4 को लेकर BPSC ने साफ की तस्वीर, अधियाचना नहीं हुई वापस, इन गलतियों की वजह से अटका विज्ञापन
BPSC कार्यालय की तस्वीर
BPSC TRE-4: बिहार शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों के इंतजार पर BPSC ने तस्वीर साफ कर दी है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि अधियाचना वापस नहीं ली गई है, बल्कि उसमें सुधार की प्रक्रिया चल रही है. जानें कब तक जारी होगा विज्ञापन.
BPSC TRE-4: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. भर्ती को लेकर चल रही कई तरह की चर्चाओं पर अब बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने स्थिति साफ कर दी है.
BPSC ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई TRE-4 की अधियाचना वापस नहीं की गई है. हालांकि, जांच के दौरान इसमें कुछ त्रुटियां मिली थीं. इन्हें ठीक करने के लिए आयोग ने शिक्षा विभाग को पत्र भेजा है.
अधियाचना में मिलीं कुछ गड़बड़ियां
BPSC के मुताबिक, TRE-4 की अधियाचना आयोग को मिल चुकी थी. इसकी जांच के दौरान कुछ कमियां सामने आईं. इसके बाद शिक्षा विभाग को जरूरी सुधार करने के लिए कहा गया. यानी भर्ती प्रक्रिया बंद नहीं हुई है. सिर्फ अधियाचना में सुधार की प्रक्रिया चल रही है. जब संशोधित अधियाचना BPSC को मिल जाएगी, इसके बाद भर्ती का विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
शिक्षा मंत्री ने भी दिया अपडेट
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी TRE-4 को लेकर अहम जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि BPSC की ओर से अधियाचना में सुधार को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक को पत्र मिला था.
मंत्री के अनुसार, आयोग ने जिन त्रुटियों की ओर ध्यान दिलाया था, उन्हें ठीक कर दिया गया है. संशोधित अधियाचना भेजने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है.
कुछ विषय अधियाचना में छूट गए थे
TRE-4 को लेकर एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. शिक्षा मंत्री ने बताया कि कुछ विषय पिछली अधियाचना में शामिल होने से छूट गए थे. अब इन विषयों को भी भर्ती में शामिल किया जाएगा. इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से सप्लीमेंट्री अधियाचना BPSC को भेजी जाएगी. मंत्री के मुताबिक, यह सप्लीमेंट्री अधियाचना अगले एक-दो दिनों में भेजी जा सकती है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसके बाद आगे बढ़ेगी भर्ती प्रक्रिया
संशोधित और सप्लीमेंट्री अधियाचना मिलने के बाद BPSC TRE-4 की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा. इसके बाद विज्ञापन जारी करने का रास्ता साफ होगा.
शिक्षा मंत्री ने कहा है कि आयोग भी अपनी तैयारी कर रहा है. उन्होंने बताया कि TRE-4 को लेकर BPSC अध्यक्ष से उनकी व्यक्तिगत स्तर पर बातचीत भी हुई है. इससे अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि अब भर्ती प्रक्रिया में ज्यादा देरी नहीं होगी.
अभ्यर्थियों के लिए सबसे जरूरी बात
TRE-4 की भर्ती रद्द नहीं हुई है और न ही अधियाचना वापस की गई है. फिलहाल देरी की वजह अधियाचना में मिली कुछ त्रुटियां और छूटे हुए विषय हैं. शिक्षा विभाग इन सुधारों को पूरा कर रहा है. सप्लीमेंट्री अधियाचना भेजे जाने के बाद BPSC विज्ञापन और परीक्षा से जुड़ी अगली प्रक्रिया शुरू करेगा.
सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें
TRE-4 को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें चल रही हैं. ऐसे में अभ्यर्थियों को सावधान रहने की जरूरत है. BPSC और शिक्षा विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना को ही सही मानें. फिलहाल इतना साफ है कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया जारी है और संशोधित अधियाचना के बाद विज्ञापन जारी करने की तैयारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










