ePaper

Bihar Ka Mausam: कोल्ड वेव को गुडबाय, चटक धूप ने दी बड़ी राहत, जानें किस तारीख से रजाई-कंबल को कह पाएंगे बाय-बाय!

Updated at : 20 Jan 2026 7:46 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Ka Mausam AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

Bihar Ka Mausam AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

Bihar Ka Mausam: जनवरी की ठिठुरन को अलविदा कहने का वक्त आ गया है. बिहार में कोल्ड वेव की पकड़ अब ढीली पड़ने लगी है और तेज धूप ने लोगों को पहली बार सही मायनों में राहत का एहसास कराया है.

विज्ञापन

Bihar Ka Mausam: बिहार के मौसम में अब साफ बदलाव नजर आने लगा है. खासतौर पर दक्षिण बिहार के जिलों पटना, औरंगाबाद और कैमूर में दिन के समय खिली तेज धूप ने यह संकेत दे दिया है कि ठंड की विदाई शुरू हो चुकी है.

हालांकि सुबह और रात की कनकनी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, लेकिन तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी यह बता रही है कि बसंत अपने असली रंग में लौटने की तैयारी में है.

धूप ने तोड़ी सर्दी की धार

सोमवार को पटना समेत राज्य के कई जिलों में दिनभर खिली धूप ने लोगों को बड़ी राहत दी. सर्द हवाओं की तीव्रता कम होने के साथ ही दोपहर में धूप की गर्माहट महसूस की गई. यही वजह है कि लोग अब दोपहर के समय भारी ऊनी कपड़ों से दूरी बनाने लगे हैं. लगातार पांच दिनों से दिन में धूप के टिके रहने के कारण अधिकतम तापमान में स्पष्ट बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ता दिख रहा है.

कैमूर बना सबसे गर्म जिला, पटना ने भी तोड़ा रिकॉर्ड

तापमान के आंकड़े भी मौसम में आए बदलाव की कहानी खुद बयां कर रहे हैं. पटना का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जनवरी महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है.

वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान कैमूर में 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह संकेत है कि दक्षिण बिहार में ठंड की पकड़ तेजी से ढीली हो रही है और गर्माहट का दौर शुरू हो चुका है.

भागलपुर में लुढ़का पारा, कोहरे ने घटाई विजिबिलिटी

पूरी तरह से सर्दी से राहत अभी नहीं मिली है. पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस सबौर, भागलपुर में दर्ज किया गया. राज्य में न्यूनतम तापमान 6.2 से 13.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

भागलपुर में न्यूनतम विजिबिलिटी 25 मीटर तक सिमट गई, जिससे सुबह के समय कोहरे का असर साफ तौर पर दिखा. यह स्थिति बताती है कि दिन में भले ही राहत मिल रही हो, लेकिन सुबह और रात की ठंड अभी सावधानी की मांग कर रही है.

अगले सात दिन सूखा मौसम, तापमान में बढ़ोतरी तय

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले सात दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा. आने वाले दो दिनों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है. इसके साथ ही अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने के आसार हैं. इसका सीधा मतलब है कि दिन और रात दोनों के पारे में इजाफा होगा और सर्दी का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ता जाएगा.

कब समेटेंगे रजाई और कंबल

अभी सुबह और रात की ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिली है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है. विशेषज्ञों के मुताबिक फरवरी के तीसरे हफ्ते से रजाई और कंबल समेटने का वक्त आ सकता है. तब तक लोगों को सुबह-शाम की कनकनी से बचाव करते हुए दिन की धूप का आनंद लेना चाहिए.

जिलों में भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिल रहा है. अब सुबह करीब आठ बजे से शाम पांच बजे तक धूप रहने से जनजीवन सामान्य होता दिख रहा है.

Also Read: पटना हॉस्टल कांड: प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा फर्क, आखिर कब सामने आएगा NEET छात्रा की मौत का सच?

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन