बिहार-झारखंड का इनामी नक्सली पिंटू राणा व करुणा गिरफ्तार, एके 47, एसएलआर और कारतूस बरामद
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 22 Jul 2022 8:58 PM
Bihar News: पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक एके 47, एक एसएलआर सहित कारतूस भी बरामद किया है. शुक्रवार की शाम सदर थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी.
जमुई. नक्सल संगठन को एक बड़ा झटका देते हुए जमुई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने बिहार-झारखंड सीमांचल जोन के दो बड़े इनामी नक्सली करुणा व पिंटू राणा को गिरफ्तार किया है. पिंटू राणा पर बिहार व झारखंड में 72 मामले जबकि करुणा दी पर 33 मामले दर्ज हैं. पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक एके 47, एक एसएलआर सहित कारतूस भी बरामद किया है. शुक्रवार की शाम सदर थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने 25 लाख के इनामी नक्सली करुणा दी और 15 लाख के इनामी नक्सली पिंटू राणा को गिरफ्तार किया है.
सूचना मिली थी कि गिद्धेश्वर पहाड़ी के खैरा थाना अंतर्गत पहाड़ी और जंगली क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन सीपीआइ माओवादी का हार्डकोर सदस्य पिंटू राणा आधुनिक हथियारों से लैस होकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से गया हुआ है. सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभियान के नेतृत्व में एक विशेष अभियान दल का गठन किया गया और कार्रवाई के लिए दिशा निर्देश दिया गया. इसके बाद उक्त टीम के द्वारा के गिद्धेश्वर पहाड़ी एवं जंगली क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया. इस क्रम में नक्सल संगठन के स्पेशल एरिया कमेटी मेंबर तथा 25 लाख की इनामी करुणा दी और जोनल कमांडर तथा झारखंड में 15 लाख एवं बिहार में 50 हजार का इनामी पिंटू राणा को गिरफ्तार किया गया है.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार माओवादी के पास से छुपा कर रखा गया एक एके-47 एक एसएलआर, एके-47 की दो मैगजीन, एसएलआर की एक मैगजीन, एके-47 की 159 राउंड जिंदा कारतूस तथा एसएलआर का 88 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि बीते दिनों खैरा थाना क्षेत्र में एक पुलिस मुठभेड़ में सुरक्षा कर्मियों ने पिंटू राणा दस्ते के सक्रिय हार्डकोर नक्सली मतलू तुरी को मार गिराया था. जिसके बाद से नक्सल संगठन पूरी तरह से बैकफुट पर आ गया था.
मतलु तूरी के मारे जाने के बाद शीर्ष नेतृत्व एवं अन्य हथियारबंद दस्ता दहशत में था. सभी गिद्धेश्वर पहाड़ी क्षेत्र से भागने की फिराक में थे. जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है. एसपी ने कहा कि दोनों शीर्ष नक्सली को गिरफ्तार करने से नक्सल संगठन का मनोबल काफी हद तक नीचे गिरा है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली पिंटू राणा पर बिहार-झारखंड में 72 तथा करुणा दी पर 33 मामले दर्ज हैं. उन्होंने कहा कि टीम में शामिल सभी सदस्यों को पुरस्कृत भी किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










