ePaper

Bihar Chunav : नीतीश का दावा, छह लाख को नौकरियां दीं, सभी को रोजगार देने पर अब हमारा फोकस

Updated at : 01 Nov 2020 6:18 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Chunav : नीतीश का दावा, छह लाख को नौकरियां दीं, सभी को रोजगार देने पर अब हमारा फोकस

वोटरों को समझाया, ऐसी चूक नहीं हो जिससे 15 साल पहले की तरह सुरक्षा की चिंता सताये

विज्ञापन

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी वासियों से अपील की है कि वह उनके 15 साल के शासन में किये गये विकास और बेहतर कानून व्यवस्था को ध्यान में रखकर मतदान करें. उन्होंने उम्मीद जतायी कि जनता ऐसी कोई चूक नहीं करेगी, जिससे उसे 15 साल पहले की तरह अपनी सुरक्षा की चिंता सताये.

शनिवार को दानापुर पड़ाव पर भाजपा प्रत्याशी आशा सिन्हा और मनेर के भाजपा उम्मीदवार डा निखिल आनंद के पक्ष में प्रचार करने आये जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि अगली सरकार में राज्य के सभी शहर-बाजार में बाइपास बनेंगे. जहां पर जमीन की दिक्कत होगी वहां सड़क के ऊपर सड़क (फ्लाइओवर) बनायेंगे. सफाई- पर्यावरण, रोजगार उनकी प्राथमिकता में होंगे.

अपने संबोधन की शुरूआत और अंत में कहते हैं कि मैं फिर दोहरा रहा हूं नयी पीढ़ी को जरूर बताइयेगा कि पहले क्या था? लालू राज में क्या- क्या होता था. अब क्या है. युवा और नये वोटर का साथ पाने को पुरानी पीढ़ी को सीधा संदेश देते हैं आज उनकी पीढ़ी सुरक्षा से निश्चिंत होकर रोजगार की सोच रही है तो यह माहौल नीतीश सरकार ने ही दिया है.

सभा सूरज डूबने के बाद शुरू हुई थी, सीएम ने इस मौके पर 2015 से पहले की तस्वीर दिखा दी जिसमें लोग सूरज छिपते ही घर में छिप जाते थे. याद दिलाया कि पहली बार सरकार बनने पर उन्होंने किस तरह पलायन न करने वाले व्यवसायियों का सम्मान किया था.

हमने छह लाख नौकरियां दीं

सीएम ने दस लाख नौकरी के वादा को बेमानी बताते हुए कहा कि उनके पहले की 15 साल वाली सरकार में दस साल अविभाजित बिहार -झारखंड और पांच साल बिहार में सरकार रही. मात्र 95 हजार नौकरी दी. हमने छह लाख नौकरियां दीं. हमारा फोकस सभी को रोजगार देना है. इसके लिए आने वाले समय में सभी को ब्याज मुक्त (पांच- दस लाख तक) लोन देंगे.

महागठबंधन (राजद) और उसके उम्मीदवार की छवि पर प्रहार करते हुए कहा कि लालू राज में क्या क्या अपराध नहीं हुआ, यह नयी पीढ़ी को बताने की जरूरत है. डाक्टर- व्यवसायी तक बिहार से पलायन कर गये थे.

सरकारी अस्पतालों का हाल यह था कि एक अस्पताल में एक माह में केवल 39 मरीज आते थे. अब एक माह में दस हजार मरीज पहुंच रहे हैं. बालक-बालिका शिक्षा सर्वे, पोशाक – साइकिल योजना आदि शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धि गिनायीं.

कहा, अपराध के लिए कुख्यात बिहार आज 23 वें नंबर पर पहुंच गया है. विकास की गति 12.84 फीसदी है. यह भरोसा दिया कि केंद्र सरकार इसके लिए उनका पूरा साथ दे रही है. नीतीश सरकार जो वादा करती है उसे वह समय से पूरा करती है इसके लिए उन्होंने हर घर- गांव तक बिजली पहुंचाने की बात याद दिलायी.

सभा को जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, सांसद रामकृपाल यादव, भाजपा से दानापुर की उम्मीदवार आशा देवी, मनेर उम्मीदवार डॉ निखिल आनंद आदि ने भी सभा को संबोधित किया.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन