बिना सूचना के ब्लॉक पर यात्रियों का हंगामा
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :03 Nov 2017 4:39 AM (IST)
विज्ञापन

आरपीएफ ने संभाला मोर्चा, पैसेंजर बनकर चली पंजाब मेल आरा : पटना-मुगलसराय रेलखंड के अप लाइन में बिना किसी सूचना के रेलवे द्वारा ब्लॉक लगाये जाने से खफा यात्रियों ने गुरुवार को आरा स्टेशन पर जमकर हंगामा किया. हावड़ा से अमृतसर जा रही 13005 अप पंजाब मेल के यात्रियों ने इंजन के आगे खड़े होकर […]
विज्ञापन
आरपीएफ ने संभाला मोर्चा, पैसेंजर बनकर चली पंजाब मेल
आरा : पटना-मुगलसराय रेलखंड के अप लाइन में बिना किसी सूचना के रेलवे द्वारा ब्लॉक लगाये जाने से खफा यात्रियों ने गुरुवार को आरा स्टेशन पर जमकर हंगामा किया. हावड़ा से अमृतसर जा रही 13005 अप पंजाब मेल के यात्रियों ने इंजन के आगे खड़े होकर रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना पाकर मौके पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने मोर्चा संभाला और यात्रियों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. यात्रियों की मांग पर पंजाब मेल को आरा से बक्सर तक पैसेंजर बनाकर चलाया गया.
इसके बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ. जानकारी के अनुसार, अप लाइन में रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर प्वाइंट बदलने का काम किया जा रहा था. इसको लेकर सुबह में आठ बजकर 10 मिनट से 11 बजकर 30 मिनट तक ब्लॉक लिया गया था. इसके कारण नाॅर्थ ईस्ट, पंजाब मेल सहित सात ट्रेनें बीच में ही फंसी रहीं.
बिहिया से लेकर दानापुर तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नॉन स्टॉप ट्रेनों को रोक-रोककर चलाया जा रहा था. इसके कारण विभिन्न कार्यालयों में काम करने वाले लोग फंस गये. लोग ट्रेन को चलाने की मांग कर रहे थे, लेकिन कंट्रोल द्वारा ट्रेन को खोला नहीं जा रहा था. इस पर लोगों का गुस्सा भड़क गया और हंगामा करने लगे. वहीं, नॉन स्टॉप ट्रेनों के विभिन्न रेलवे स्टेशन पर फंसे रहने की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पैसेंजर ट्रेन पर निर्भर हैं कार्यालय के कर्मचारी
पटना-मुगलसराय रेलखंड पर चलनेवाली लालकिला व जनता एक्सप्रेस के बंद होने के बाद दैनिक यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन 63227 पटना-मुगलसराय पैसेंजर मानी जाती है. इस ट्रेन से पटना से बक्सर के बीच विभिन्न कार्यालयों में काम करनेवाले दैनिक यात्री सफर करते हैं. 10 से 15 मिनट लेट होने पर भी यात्रियों के लिए मुसीबत पैदा हो जाती है. ऐसे में गुरुवार को बिना किसी पूर्व सूचना के ब्लॉक लगाये जाने से यात्री खफा थे. यात्रियों का कहना था कि ब्लॉक लगाये जाने की सूचना रेलवे द्वारा पूर्व में दे दी जाती, तो लोग वैकल्पिक व्यवस्था करते.
ये ट्रेनें फंसी रहीं
ब्लॉक की वजह से 12505 अप गुवाहाटी-आनंद विहार नाॅर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 13005 हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, 15686 अप कामाख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस, 12487 अप जोगबनी-आनंद विहार सीमाचंल एक्सप्रेस, 63227 अप पटना-मुगलसराय पैसेंजर, 12333 अप हावड़ा-इलाहाबाद विभूति एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें फंसी रहीं. समय से रैक नहीं पहुंचने की वजह से विभूति एक्सप्रेस को डाउन में री-शेड्यूल किया गया. इसके कारण यह ट्रेन करीब सात घंटे विलंब से आरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची.
पंजाब मेल के इंजन के आगे आकर यात्री हंगामा कर रहे थे. यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पंजाब मेल को पैसेंजर बनाकर चलाया गया. इसके बाद स्थिति सामान्य हुई.
एसएन राम, आरपीएफ इंस्पेक्टर, आरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




